अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर उनकी नीतियों के खिलाफ अमेरिका भर में विरोध प्रदर्शन हुए।
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर उनकी नीतियों के खिलाफ अमेरिका भर में विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अमेरिका ने वर्षों से जो साख बनाई थी, ट्रंप की नीतियों ने उसे गंवा दिया। उनका कहना था कि ट्रंप की नीतियों से अमेरिका की वैश्विक छवि और पुराने गठबंधन कमजोर हुए हैं।
अपने रास्ते से हट गया है अमेरिका
प्रदर्शनकारियों ने तख्तियों, पुतलों और कपड़ों का इस्तेमाल करके शुल्क की धमकियों, आप्रवासन और सीमा शुल्क प्रवर्तन-आईसीई द्वारा कड़े आव्रजन प्रवर्तन और अमेरिका का विश्व व्यापार संगठन, संयुक्त राष्ट्र और नाटो जैसे वैश्विक संगठनों से दूरी बनाने पर अपना गुस्सा व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा -'अमेरिका चौतरफा हमलों से घिर गया है और अपने रास्ते से हट गया है।' ग्रीनलैंड पर कब्जे के प्रयासों की आलोचना करते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वह 'विश्वयुद्ध शुरू करने का प्रयास कर रहे हैं' और नाटो गठबंधन को तोड़ रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि सड़कों पर सेना दिखाई दे रही है। लोगों को जबरन उठाया जा रहा है। कुछ मामलों में खुलेआम हिंसा हो रही है।
अब अमेरिका पर भरोसा नहीं कर पा रहे दूसरे देश
एक अन्य प्रदर्शनकारी लिसा फिन ने कहा कि अमेरिका ने दशकों में दुनिया भर में दोस्त बनाए थे। अब यह रिश्ता टूट रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे देश अब अमेरिका पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें इसमें कोई हैरानी नहीं है। उनका मानना है कि इसका असर आने वाले कई दशकों तक दुनियाभर के राजनीति पर पड़ेगा। एक और प्रदर्शनकारी ने ट्रंप की टैरिफ नीति को बहुत खराब बताया। उसने कहा कि सरकार ने अपने पुराने सहयोगियों से पीठ फेर ली है। इससे अमेरिका खुद को खतरे में डाल रहा है।
ट्रंप ने गिनाईं अपनी उपलब्धियां
दूसरी तरफ ट्रंप ने प्रेस ब्रीफिंग में अपने कार्यकाल का बचाव करते हुए कहा कि उनके प्रशासन ने सेना को मजबूत करने और युद्ध समाप्त करने में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अपने दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर प्रेस ब्रीफिंग में अपनी उपलब्धियां गिनाई हैं। उन्होंने कहा कि यह समय शानदार रहा है। उनके मुताबिक उनकी सरकार ने किसी भी पिछली सरकार से ज्यादा काम किया है। उन्होंने सेना को मजबूत करने, युद्ध खत्म करने और अंतरराष्ट्रीय मामलों में अपनी भूमिका का जिक्र किया है। ट्रंप ने कहा कि अगर वह अपनी उपलब्धियां पढ़ते रहें तो एक हफ्ता भी कम पड़ जाएगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/state-police-can-investigate-central-government-employees-in-corruption-cases/105777
राज्य पुलिस भ्रष्टाचार के केस में केंद्रीय कर्मियों के खिलाफ कर सकती है जांच