हेग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा की मुलाकात में पारस्परिक हित के...
हेग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीदरलैंड्स के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा की मुलाकात में पारस्परिक हित के मुद्दों पर चर्चा हुई। व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा तथा नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के उद्देश्य से पांच देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में मोदी शुक्रवार को नीदरलैंड पहुंचे।
इससे पहले दिन में मोदी ने हेग में भारतीय समुदाय के लोगों की एक सभा को संबोधित किया। वहां उन्होंने भारत को ''अवसरों की भूमि' बताया जो 'अभूतपूर्व परिवर्तन' से गुजर रही है। प्रधानमंत्री मोदी की 15 से 17 मई तक की नीदरलैंड की यात्रा इस यूरोपीय देश की उनकी दूसरी यात्रा है। अधिकारियों ने इस यात्रा को भारत-नीदरलैंड संबंधों में एक 'महत्वपूर्ण मोड़' बताया है। इससे पहले उन्होंने 2017 में नीदरलैंड की यात्रा की थी।
विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि इस यात्रा में एक 'समृद्ध और ठोस एजेंडा' शामिल है तथा इससे दोनों देशों के बीच निरंतर जुड़ाव के माध्यम से उभरी साझेदारी के रणनीतिक आयामों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। नीदरलैंड्स के राजा-रानी ने मोदी के सम्मान में शाही भोज आयोजित किया। भारत और नीदरलैंड ने हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश और जल, कृषि तथा स्वास्थ्य के प्राथमिकता वाले पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर अपने सहयोग का काफी विस्तार किया है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/india-rejected-the-indus-water-treaty-decision-saying-it-neither/205560