रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष दूत किरिल दमित्रियेव ने कहा है कि अमेरिका, यूक्रेन और रूस तीनों ही इस युद्ध को खत्म करने के लिए एक राजनयिक हल के 'बेहद करीब' पहुंच गए हैं।
यूक्रेन युद्ध जल्द समाप्त होने की उम्मीद जगी
व्लादिमीर पुतिन के विशेष दूत किरिल दमित्रियेव ने दिए संकेत
वॉशिंगटन/कीव। यूक्रेन में सालों से चल रहे युद्ध के शीघ्र समाप्त होने की उम्मीद जगी है। अगर ऐसा हुआ तो यह हाल के दिनों में गाजा युद्ध की समाप्ति के बाद दूसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय घटना होगी।रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष दूत किरिल दमित्रियेव ने कहा है कि अमेरिका, यूक्रेन और रूस तीनों ही इस युद्ध को खत्म करने के लिए एक राजनयिक हल के 'बेहद करीब' पहुंच गए हैं। रूस की तरफ से यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब अमेरिका ने रूस की तेल कंपनियों पर बहुत सख्त प्रतिबंध लगा दिया है। इसको लेकर तनाव काफी बढ़ा हुआ है।
दमित्रियेव ने कहा कि पुतिन और ट्रंप के बीच मुलाकात को रद्द नहीं किया गया है। उनका यह बयान ट्रंप के बुडापेस्ट बैठक रद्द होने के बयान से उलट है। किरिल ने कहा कि पुतिन और ट्रंप के बीच यह बैठक किसी और दिन हो सकती है।ट्रंप ने यह भी कहा था कि रूस तत्काल सीजफायर को स्वीकार नहीं कर रहा है और इसी वजह से मुलाकात को टाल दिया गया है। वहीं रूसी दूत किरिल ने कहा कि राजनयिक बातचीत जारी है। उन्होंने कहा, 'रूस और अमेरिका के बीच बातचीत आगे भी जारी रहेगी लेकिन यह निश्चित रूप से तभी संभव होगी, जब रूसी हितों पर ध्यान दिया जाएगा और सम्मान के साथ व्यवहार किया जाएगा।'
उन्होंने कहा कि इस लड़ाई का राजनयिक हल पहले के अनुमान से ज्यादा करीब पहुंच गया है।