आज रविवार सुबह कतर सशस्त्र बलों का एक हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई है।
दोहा (कतर)। आज रविवार सुबह कतर सशस्त्र बलों का एक हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में एक तुर्की सैनिक और तुर्की रक्षा कंपनी असेलसन के दो कर्मी भी शामिल हैं। तुर्की के रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। इस दौरान मलबे से विमान में सवार लोगों के शव बरामद किए गए।
दुर्घटना की होगी विस्तृत जांच
मंत्रालय ने पुष्टि की कि पीड़ितों में कतर सशस्त्र बलों के चार कर्मी, तुर्की सशस्त्र बलों का एक सदस्य और असेलसन के दो टेक्नीशियन शामिल थे। बयान में कहा गया कि कतर के अधिकारियों द्वारा विस्तृत जांच के बाद दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाया जाएगा। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि, "तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया और हेलीकॉप्टर का मलबा तथा हमारे शहीदों के शव बरामद कर लिए गए। इस दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार कतर सशस्त्र बलों के चार जवान, तुर्की सशस्त्र बलों का एक जवान और एसेलसन के दो टेक्नीशियन शहीद हो गए। दुर्घटना के सटीक कारण की जांच कतर के अधिकारी करेंगे।"
जलक्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था हेलीकॉप्टर
यह घटना रविवार तड़के घटी, जब कतर-तुर्की संयुक्त बल कमान के अंतर्गत संचालित हेलीकॉप्टर क्षेत्रीय जलक्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जांच से पता चलता है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई। कतर के रक्षा मंत्रालय ने अलग से मृतकों की पहचान कतर सशस्त्र बलों के कैप्टन (पायलट) मुबारक सलेम दवाय अल-मर्री, सार्जेंट फहद हादी घनेम अल-खयारिन, कॉर्पोरल मोहम्मद माहेर मोहम्मद और कैप्टन (पायलट) सईद नासिर समेख और कतर -तुर्की संयुक्त बलों के मेजर सिनान तास्तेकिन के रूप में की है।
शहीदों को अंतिम नमन और संवेदनाएं
अन्य दो लोगों की पहचान सुलेमान सेमरा कहरामन और इस्माइल अनस कैन के रूप में हुई। कतर के रक्षा मंत्रालय ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मृतकों की आत्मा की शांति और दया की प्रार्थना की। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने भी मृतकों के परिवारों, तुर्की सशस्त्र बलों, कतर सशस्त्र बलों और दोनों देशों के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/eci-to-release-supplementary-voter-list-in-west-bengal-on-monday/150885
पश्चिम बंगाल में सोमवार को जारी होगी विचाराधीन वोटरों की सप्लीमेंट्री लिस्ट