वॉशिंगटन में ट्रंप ने कहा कि ईरान ने उन्हें अगला सर्वोच्च नेता बनने का अनौपचारिक प्रस्ताव दिया, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। रिपब्लिकन पार्टी के एक फंडरेजर कार्यक्रम में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान के नेतृत्व ने अनौपचारिक रूप से उन्हें इस्लामिक गणराज्य का अगला ‘सर्वोच्च नेता’ बनने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। ट्रंप के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
फंडरेजर कार्यक्रम में किया दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने सालाना NRCC डिनर के दौरान कहा कि ईरान के कुछ लोग उनसे कह रहे थे कि वे ईरान के अगले सुप्रीम लीडर बन जाएं। ट्रंप ने कहा, “हम उनकी बात बहुत साफ तौर पर सुनते हैं। वे कहते हैं कि हम आपको ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनाना चाहते हैं, तो मैंने उनसे कहा – नहीं, थैंक्यू। मैं नहीं बनना चाहता।”
युद्धविराम पर भी किया बड़ा दावा
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान अमेरिका के साथ युद्धविराम और समझौते को लेकर बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि तेहरान की सरकार समझौता करने के लिए काफी उत्सुक है, लेकिन सार्वजनिक रूप से यह बात कहने से डर रही है।
ईरान में सत्ता परिवर्तन का दावा
ट्रंप की ये टिप्पणियां उस वक्त आई हैं जब उन्होंने दावा किया कि ईरान के वरिष्ठ नेताओं के मारे जाने के बाद तेहरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है। उन्होंने कहा कि ईरान की इस्लामिक सरकार की शीर्ष पंक्ति में अब कई जगह खाली हैं और सत्ता के अंदर एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है।
खामेनेई की मौत का भी जिक्र
ट्रंप ने दावा किया कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे, जिसके बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर बनाया गया। हालांकि नए सुप्रीम लीडर बनने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से कहीं दिखाई नहीं दिए हैं। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि हमले में वे घायल हो गए थे।
अमेरिकी हमलों को बताया ‘सैन्य विनाश’
ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जारी अमेरिकी हमलों को “सैन्य विनाश” बताया और दावा किया कि इस युद्ध में अमेरिका बड़ी जीत हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा, “हम इतनी बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं कि किसी ने भी ऐसा कुछ नहीं देखा होगा जैसा हम मध्य-पूर्व में ईरान के साथ कर रहे हैं।”
ईरान समझौते के लिए बेताब – ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करने के लिए बहुत ज्यादा बेताब है, लेकिन उसे अपने ही लोगों का डर है। ट्रंप के मुताबिक, “वे बातचीत कर रहे हैं और समझौता करना चाहते हैं, लेकिन वे यह कहने से डरते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उनके अपने ही लोग उन्हें मार डालेंगे।”
तेहरान ने दावों को किया खारिज
हालांकि तेहरान ने ट्रंप के इन दावों को पहले भी कई बार खारिज किया है और कहा है कि अमेरिका की शर्तों पर किसी भी तरह के युद्धविराम की कोई बातचीत नहीं हो रही है।
यह भी पढ़े: यमन के अंसारुल्लाह ने ईरान का समर्थन किया
https://www.primenewsnetwork.in/world/yemen-ansarullah-ready-to-support-iran/151843