वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को सीधे - सीधे चेताया है कि शांति समझौते का पालन करते हुए अपने हथियार सौंप दे। उसे ऐसा करना ही होगा क्योंकि उसने कहा है कि वे हथियार सौंपेंगे।
हमास को हथियार सौंपने ही होंगे: ट्रंप
अगर नहीं सौंपे तो जब्त कर लेंगे
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को सीधे - सीधे चेताया है कि शांति समझौते का पालन करते हुए अपने हथियार सौंप दे। उसे ऐसा करना ही होगा क्योंकि उसने कहा है कि वे हथियार सौंपेंगे। अगर वह ऐसा नहीं करता तो हम जब्त कर लेंगे। ट्रंप ने साथ में यह भी कहा है कि वह गाजा में बंधक मृत लोगों के शवों को वापस चाहते हैं।
व्हाइट हाउस में अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मेली के साथ द्विपक्षीय लंच के दौरान ट्रंप ने यह चेतावनी दी। उन्होंने गाजा युद्धविराम को मध्यपूर्व में नई शुरुआत बताया। उनका कहना था कि अराजकता, आतंक और विनाश की ताकतें हार गई हैं। राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा है कि हमास अपने वादे को निभाए। हथियार नहीं सौंपने पर अमेरिका कड़ा कदम उठाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गाजा को विसैन्यीकृत करना होगा।
क्षेत्र में दो वर्ष बाद शांति लौटी
ट्रंप ने इजराइल की संसद के समक्ष भी दोहराया कि युद्धविराम सिर्फ संघर्ष का अंत नहीं बल्कि क्षेत्र में एक नया युग शुरू होने का संकेत भर है। यह विश्वास, आशा और ईश्वर के युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि इजराइल ने सैन्य शक्ति से जितना संभव था, हासिल कर लिया है। अब यह जीत स्थायी शांति और समृद्धि में बदलनी होगी। ट्रंप ने गाजा में कैद से मुक्त हुए बंधकों का जिक्र करते हुए कहा कि दो साल की कठिनाई और अंधकार के बाद अब क्षेत्र में शांति लौटी है।
ट्रंप ने क्षेत्रीय नेताओं से भी अपील की कि वे आतंकवाद, अतिवाद और नफरत को छोड़कर सहयोग दे। उन्होंने फिलिस्तीनियों से कहा कि अब उनका मौका है कि वे हिंसा और आतंक के मार्ग को छोड़कर अपने बच्चों को बेहतर जीवन देने के लिए कदम बढ़ाएं। इस बयान के साथ ट्रंप ने अमेरिका की मध्यपूर्व में सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करने की सख्त नीति को दोहराया।
मृत बंधकों की वापसी में सुस्ती पर विवाद
इजराइल में सोमवार को गाजा से लौटे 20 जीवित बंधकों के स्वागत में खुशी थी, लेकिन मृत बंधकों की वापसी की प्रक्रिया वादे के अनुसार नहीं है।। इजराइली अधिकारियों ने बताया कि 28 में से अब तक केवल चार शव ही लौटाए गए हैं। बंधक परिवार मंच ने कहा कि मृत बंधकों की धीमी वापसी युद्धविराम समझौते का साफ साफ उल्लंघन है। संगठन ने सरकार से इस मामले में सख्ती बरतने की मांग की है। इजराइल के शीर्ष बंधक वापसी समन्वयक गल हिर्श ने कहा कि हम अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों के जरिए दबाव बना रहे हैं। उम्मीद है कि सभी शव जल्द लौटाए जाएंगे।