गेल इंडिया (GAIL) अपनी सहायक कंपनी गेल गैस लिमिटेड को शेयर बाजार में लिस्ट कराने जा रही है। कंपनी आईपीओ के जरिए 25% तक हिस्सेदारी बेचेगी। गेल के Q2 नतीजे भी काफी मजबूत रहे हैं।
नई दिल्ली। सरकारी महारत्न कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी 'गेल गैस लिमिटेड' को भारतीय शेयर बाजारों में लिस्ट कराने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसके लिए इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) लाया जाएगा, जिसके जरिए गेल अपनी 25 प्रतिशत तक की इक्विटी हिस्सेदारी कम करेगी।
गेल इंडिया ने शेयर बाजारों को दी जानकारी
गेल (इंडिया) लिमिटेड ने शुक्रवार को शेयर बाजार (BSE/NSE) को भेजी एक रेगुलेटरी फाइलिंग में इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि की। कंपनी के निदेशक मंडल (Board of Directors) ने आईपीओ के माध्यम से गेल गैस के शेयरों की लिस्टिंग के प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी है।
यह फैसला गेल गैस को पब्लिक मार्केट में ले जाने की दिशा में पहला बड़ा कदम है। हालांकि, हिस्सेदारी बिक्री के अंतिम ढांचे और कुल मात्रा को लेकर अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।
BRLMs की सिफारिशों पर बनेगा अंतिम ड्राफ्ट
कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, आईपीओ प्रक्रिया के तहत गेल गैस लिमिटेड (GGL) में 25 फीसदी तक इक्विटी का विनिवेश किया जाएगा।
आगे की प्रक्रिया के तहत, गेल गैस अपने 'बुक रनिंग लीड मैनेजर्स' (BRLMs) की सिफारिशों के आधार पर एक अंतिम प्रस्ताव तैयार कर पेश करेगी। इस प्रस्ताव में कंपनी का वैल्यूएशन, शेयर का प्राइस बैंड, ऑफर का जरिया और अन्य नियम-शर्तें शामिल होंगी। अंतिम ड्राफ्ट तैयार होने के बाद गेल बोर्ड की अंतिम मंजूरी ली जाएगी और फिर इसे शेयर बाजारों के साथ साझा किया जाएगा।
दूसरी तिमाही में गेल के बंपर वित्तीय नतीजे
गेल गैस के आईपीओ की यह खबर ऐसे वक्त में आई है जब गेल इंडिया ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के बेहद मजबूत वित्तीय नतीजे घोषित किए हैं।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में गेल का ऑपरेशंस से रेवेन्यू बढ़कर 45,924 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पहली तिमाही (Q1) में 38,981 करोड़ रुपये था। वहीं, टैक्स से पहले का मुनाफा (PBT) पिछली तिमाही के 5,773 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,838 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) भी 4,292 करोड़ रुपये से बढ़कर 4,650 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
छमाही आधार पर भी शानदार प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही (H1 FY27 यानी अप्रैल-सितंबर 2026) के दौरान भी गेल का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। इस अवधि में कंपनी का ऑपरेशंस से कुल रेवेन्यू 84,905 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 69,824 करोड़ रुपये था।
इसके अलावा, अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान कंपनी का PBT दोगुने से अधिक बढ़कर 11,611 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि (FY26 H1) में 5,357 करोड़ रुपये था। वहीं पहली छमाही का शुद्ध मुनाफा (PAT) भी 4,104 करोड़ रुपये से बढ़कर 8,943 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: अमीर भारतीयों की बदली निवेश रणनीति, इक्विटी से आगे विदेशी बाजारों, AIF और प्राइवेट एसेट्स पर बढ़ा फोकस