वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितता के माहौल के बावजूद निचले स्तर से वैल्यू बाइंग के कारण भारतीय शेयर बाजार में तीन दिन की गिरावट के बाद आज तेजी देखने को मिली।
मुंबई। वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितता के माहौल के बावजूद निचले स्तर से वैल्यू बाइंग के कारण भारतीय शेयर बाजार में तीन दिन की गिरावट के बाद आज तेजी देखने को मिली। दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद कारोबार के अंत में बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। सप्ताह की शुरुआत में निवेशकों की सतर्कता के कारण बाजार की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, हालांकि दोपहर बाद खरीदारी बढ़ने से प्रमुख सूचकांकों में तेज उछाल दर्ज किया गया।
सेंसेक्स 938 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,408 के स्तर पर हुआ बंद
दिन के कारोबार के अंत में सेंसेक्स करीब 938 अंक की बढ़त के साथ 75,502.85 के स्तर पर बंद हुआ। प्रतिशत के लिहाज से इसमें लगभग 1.26 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। वहीं निफ्टी-50 भी मजबूत होकर 258 अंक बढ़कर 23,408.80 के स्तर पर बंद हुआ, जो लगभग 1.11 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है। इस तेजी के साथ सेंसेक्स ने फिर से 75 हजार का महत्वपूर्ण स्तर पार कर लिया।
दोनों इंडेक्स में आया तेज उछाल
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,000 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 23,400 के पार पहुंच गया। निवेशकों की निचले स्तरों पर खरीदारी और भू-राजनीतिक तनाव को लेकर कुछ राहत भरी खबरों के बीच बाजार में तेज उछाल आया। भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 92.30-92.50 के दायरे में कमजोर बना हुआ है। मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और शेयर बाजार में बिकवाली से रुपये पर दबाव है, हालांकि आरबीआई के हस्तक्षेप से थोड़ी स्थिरता देखी गई है।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 1.41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 104.4 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
तेजी में भी गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कुल 4,537 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इनमें से आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। इसमें से 1,509 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,860 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 168 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 81 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 907 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर हरे निशान में बंद
शेयर मार्केट में सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) के शेयरों में 4.22 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद ट्रेंट (Trent), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और इटरनल (Eternal) के शेयर 2.80 फीसदी से लेकर 3.01 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.32 फीसदी की गिरावट के साथ रहा टॉप लूजर
कारोबार के दौरान सेंसेक्स के बाकी 6 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स का शेयर 2.32 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, सन फार्मा, पावरग्रिड, भारती एयरटेलऔर एनटीपीसी (NTPC) के शेयरों में 0.59 फीसदी से लेकर 1.25 फीसदी तक की गिरावट रही।
सोमवार को बड़े शेयरों में लौटी खरीदारी
विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बाजार में गिरावट का माहौल था और निवेशक मुनाफावसूली कर रहे थे। इसी कारण बाजार लगातार तीन सत्रों तक दबाव में रहा। लेकिन सोमवार को बड़े शेयरों में खरीदारी लौटने से बाजार ने तेजी से रिकवरी की और गिरावट का सिलसिला टूट गया।
तेजी में बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र का रहा अहम योगदान
बाजार की तेजी में बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र के दिग्गज शेयरों की अहम भूमिका रही। प्रमुख कंपनियों में HDFC Bank, Reliance Industries, ICICI Bank और State Bank of India जैसे बड़े शेयरों में खरीदारी बढ़ने से सूचकांकों को मजबूती मिली। इन कंपनियों के शेयरों में आई तेजी ने पूरे बाजार के रुख को सकारात्मक बना दिया।
तेल विपणन कंपनियों में गिरावट दर्ज
हालांकि बाजार में तेजी के बीच कुछ सेक्टरों में कमजोरी भी देखी गई। तेल विपणन कंपनियों और कुछ मिड-कैप शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और अंतरराष्ट्रीय तनाव को लेकर निवेशकों में सतर्कता बनी हुई है, जिसका असर बाजार की चाल पर भी दिखाई दे रहा है।
सोमवार की तेजी ने बढ़ा निवेशकों का मनोबल
विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों, कच्चे तेल की कीमतों और विदेशी निवेशकों के रुख पर आने वाले दिनों में बाजार की दिशा निर्भर करेगी। फिलहाल सोमवार की तेजी ने निवेशकों का मनोबल बढ़ाया है और इससे यह संकेत मिला है कि बाजार में अभी भी खरीदारी की संभावनाएं बनी हुई हैं।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/iran-sets-condition-for-security-of-indian-ships/149666
भारतीय जहाजों को सुरक्षा का वादा, पर ईरान ने रखी शर्त