औरंगाबाद में फर्जी CID अधिकारी बनकर तीन ठगों ने व्यवसायी रघुनंदन साव से करीब 145 ग्राम सोने के जेवर ठग लिए। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर CCTV फुटेज खंगाल रही है।
Fake CID Officers Cheat Aurangabad Businessman of Gold Jewellery Worth ₹25 Lakh |
औरंगाबाद (बिहार)। शहर में खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर ठगी करने वाले गिरोह ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नगर थाना क्षेत्र के एमजी रोड स्थित पवई कोठी के पास शुक्रवार सुबह 10:06 बजे तीन शातिरों ने जाने-माने व्यवसायी रघुनंदन साव उर्फ सेठ जी से करीब 145 ग्राम सोने के जेवर ठग लिए, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
चेन लूट का डर दिखाकर जेवर उतारने को कहा
नगर थाने में दिए आवेदन में पीड़ित ने बताया कि वह घर के पास टहल रहे थे, तभी दो बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर उन्होंने कहा कि इलाके में चेन लूट की घटनाएं हो रही हैं। चेकिंग के नाम पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगने का भय दिखाकर उन्होंने चेन और अंगूठी उतारने को कहा।
रुमाल बदलकर 145 ग्राम सोने के जेवर लेकर फरार हुए ठग
भरोसे में आकर रघुनंदन साव ने 110 ग्राम की रुद्राक्ष और त्रिशूल लगी सोने की चेन और 35 ग्राम की सोने की अंगूठी उतार दी। एक ठग ने पहले अपनी चेन उतारकर रुमाल में रखने का नाटक किया। फिर पीड़ित के जेवरात को कागज में लपेटकर रुमाल में बांधने के बहाने रुमाल ही बदल दिया और पत्थर बंधा रुमाल जेब में रखकर तीनों फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल के पास ही उनके पुत्र और रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष अजीत चंद्रा की चंद्रा मशीनरी दुकान है।नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है और छापेमारी की जा रही है। कुछ महीने पहले कुटुंबा में भी इसी तरह ठगी हुई थी। घटना के बाद व्यवसायियों में दहशत है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद पुलिस के अभियान में 23 गिरफ्तार, शराब, देसी कट्टा और कारतूस बरामद