प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

नकदी प्रबंधन का भी दबाव

वित्त वर्ष 2025 में सभी 28 राज्यों की देनदारियां 90.51 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचीः सीएजी

यह रिपोर्ट सरकारों, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं और नागरिकों के लिए साक्ष्य-आधारित संसाधन के रूप में कार्य करेगी।

 वित्त वर्ष 2025 में सभी 28 राज्यों की देनदारियां 9051 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचीः सीएजी

नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) द्वारा रिपोर्ट जारी करते हुए |

नई दिल्ली । नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट 'राज्य वित्त 2024-25' के अनुसार, भारत के राज्यों को 2024-25 में भी बढ़ते वित्तीय दबाव का सामना करना पड़ा। सभी 28 राज्यों ने राजकोषीय घाटे की सूचना दी और 31 मार्च, 2025 तक उनकी संयुक्त देनदारियां बढ़कर 90.51 लाख करोड़ रुपये हो गईं। रिपोर्ट के मुख्य निष्कर्षों को प्रस्तुत करते हुए, सीएजी की महानिदेशक (जीए-आई) शेफाली श्रीवास्तव अंदलीब ने राज्यों में व्यापक राजकोषीय दबाव पर प्रकाश डाला। 

संकेतकों का राज्यवार विश्लेषण किया गया

उन्होंने कहा कि "वित्तीय वर्ष 2024-25 में, सभी 28 राज्य राजकोषीय घाटे में थे, जिनमें से 15 राज्यों का राजकोषीय घाटा सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के 3 प्रतिशत से अधिक था। इन राजकोषीय उत्तरदायित्व संकेतकों का राज्यवार विश्लेषण किया गया है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के. संजय मूर्ति द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में लेखापरीक्षित वार्षिक खातों के आधार पर 2015-16 से 2024-25 तक के राज्यों के वित्त का एक दशक लंबा आकलन प्रस्तुत किया गया है। मूर्ति ने आशा व्यक्त की कि यह रिपोर्ट सरकारों, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं और नागरिकों के लिए साक्ष्य-आधारित संसाधन के रूप में कार्य करेगी, जिससे राज्यों में अधिक वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही और स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा।

राज्यों का संयुक्त बजटीय व्यय 2024-25 में 51.20 लाख करोड़ रुपये रहा

रिपोर्ट में राजस्व जुटाने में सुधार के बावजूद राज्यों पर बढ़ते वित्तीय बोझ को रेखांकित किया गया है। सभी राज्यों का संयुक्त बजटीय व्यय 2024-25 में 51.20 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि राजस्व व्यय कुल व्यय का लगभग 80 प्रतिशत बना रहा। राज्य व्यय का एक महत्वपूर्ण हिस्सा वेतन, पेंशन और ब्याज भुगतान जैसी प्रतिबद्ध देनदारियों में ही लगा रहा। रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिबद्ध व्यय 28 राज्यों के संयुक्त राजस्व व्यय के 43 प्रतिशत से अधिक था, जिसमें राज्यों के बीच काफी भिन्नता पाई गई, जो नागालैंड में 74 प्रतिशत से लेकर महाराष्ट्र में 29 प्रतिशत तक थी। अंदलीब ने कहा, "प्रतिबद्ध व्यय, सब्सिडी और अनुदान-सहायता वेतन व्यय मिलाकर राजस्व व्यय का 61 प्रतिशत से अधिक हिस्सा था। अकेले सब्सिडी ही 2024-25 में राजस्व व्यय का 10 प्रतिशत से अधिक थी।"

नकदी प्रबंधन का भी दबाव 

रिपोर्ट में कई राज्यों में नकदी प्रवाह संबंधी चुनौतियों को भी उजागर किया गया है। जहां 15 राज्यों ने 2024-25 के दौरान राजस्व अधिशेष दर्ज किया और 13 राज्य राजस्व घाटे में रहे, वहीं कुछ राजस्व अधिशेष वाले राज्यों ने सकारात्मक राजस्व शेष के बावजूद तरलता और नकदी प्रबंधन के दबाव को दर्शाते हुए, वेज़ एंड मीन्स एडवांसेज (WMA) का सहारा लिया। राजस्व के मोर्चे पर, राज्य तेजी से अपने संसाधनों पर निर्भर होते जा रहे हैं। राज्यों के अपने कर राजस्व (SOTR) का 2024-25 में 40.52 लाख करोड़ रुपये की संयुक्त राजस्व प्राप्तियों में लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा था, जिसमें राज्य जीएसटी का योगदान कुल अपने कर राजस्व का 43 प्रतिशत से अधिक था। रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्यों का अपना कर राजस्व 2015-16 में लगभग 8.40 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 20.31 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो दोगुने से भी अधिक है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि जीएसटी लागू होने के बाद की अवधि में कर संग्रह की औसत वार्षिक वृद्धि जीएसटी लागू होने से पहले की अवधि की तुलना में बेहतर रही है।

अनुदान और केंद्रीय सहायता का हिस्सा एक दशक में कम हुआ

साथ ही, राज्य के कुल राजस्व में अनुदान और केंद्रीय सहायता का हिस्सा एक दशक में कम हुआ है, जो राज्यों द्वारा राजस्व जुटाने के प्रयासों पर बढ़ती निर्भरता को दर्शाता है। रिपोर्ट के अनुसार, सामाजिक, आर्थिक और सामान्य क्षेत्रों में व्यय लगभग संतुलित रहा, जबकि आर्थिक क्षेत्र कुल पूंजीगत व्यय का 63 प्रतिशत रहा, जो बुनियादी ढांचे के विकास पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने को दर्शाता है। प्रमुख कार्यात्मक क्षेत्रों में शिक्षा सबसे बड़ा व्यय मद बना रहा, इसके बाद सामाजिक कल्याण और ऊर्जा का स्थान रहा। (एएनआई)

Related to this topic: