प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

होर्मुज तनाव से शेयर बाजार में कमजोरी

कच्चे तेल में उबाल व रुपये में नरमी से शेयर बाजार में गिरावट

वैश्विक बाजार में 'ब्रेंट क्रूड' 113 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में कमजोरी आज भी जारी रही।

कच्चे तेल में उबाल व रुपये में नरमी से शेयर बाजार में गिरावट

Market Dips as Crude Spikes and Rupee Weakens |

मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर तनतनी फिर शुरू हो गई है। ईरान की IRGC ने अमेरिकी वॉरशिप पर मिसाइल अटैक का दावा किया है। इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी ईरान पर उसके तेल टैंकर पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया है। होर्मुज में एक माह से जारी युद्धविराम के बीच तनातनी बढ़ने के नये दौर से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है।

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, रुपया टूटा

वैश्विक बाजार में 'ब्रेंट क्रूड' 113 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में कमजोरी आज भी जारी रही। कच्चे तेल की ऊंची कीमत का दबाव डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये पर भी दिखा। रुपया मंगलवार को 95.39 प्रति डॉलर तक पहुंचकर अपने सर्वकालिक (रिकॉर्ड) निचले स्तर पर आ गया। कच्चे तेल में उबाल और रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनो गिरावट के साथ बंद हुए।

बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी पर दबाव

शेयर मार्केट में कारोबार की शुरूआत के साथ ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 500 अंक टूट गया। इसी के साथ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में खुला। हालांकि निफ्टी 24,000 के स्तर से ऊपर बने रहने में कामयाब रहा।

सेंसेक्स 251 अंक गिरा, निफ्टी 24000 के ऊपर बंद हुआ

शेयर बाजार में कारोबार बंद होने के समय निफ्टी 86.50 अंक या 0.36 प्रतिशत गिरकर 24,032.80 पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स 251.61 अंक या 0.33 प्रतिशत गिरकर 77,017.79 पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.17 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.28 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

रुपये की कमजोरी ने बढ़ाई चिंता

मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया गिरकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। रुपया मंगलवार को रूपया 2 पैसे टूटकर 95.25 के स्तर पर खुला और बाद में गिरकर 95.39 प्रति डॉलर तक पहुंच गया। रुपये ने आज पिछले सप्ताह गुरुवार को बने 95.33 के अपने पुराने रिकॉर्ड लो को भी तोड़ दिया।

बैंकिंग और रियल्टी गिरे, ऑटो और FMCG में दिखी हल्की मजबूती

शेयर बाजार में सेक्टोरल आधार पर देखें तो बैंकिंग, रियल एस्टेट और ऑयल एंड गैस शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई, जो वैश्विक ग्रोथ को लेकर चिंताओं और ऊर्जा बाजार में बढ़ती अनिश्चितता को दर्शाता है। कारोबार के दौरान ऑटो, FMCG, पावर, फार्मा और टेलीकॉम इंडेक्स में लगभग 0.5% की बढ़त देखी गई, जबकि रियल्टी इंडेक्स में 1.4% की गिरावट आई। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1% नीचे रहा और प्राइवेट बैंकिंग इंडेक्स 0.5% फिसल गया।

गिरावट के बावजूद बढ़ा मार्केट कैप

शेयर मार्केट गिरावट के बावजूद BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज ₹36 हजार करोड़ से अधिक बढ़ गया है। सोमवार को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,66,51,226.762 करोड़ था। आज यानी 5 मई 2026 को यह ₹4,66,87,567.28 करोड़ पर पहुंच गया।

बाजार में रहा मिला-जुला रुख

स्टॉक एक्सचेंज में बीएसई पर आज 4355 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। कारोबार के दौरान लगभग 1890 शेयरों में बढ़त देखी गई जबकि 2181 शेयरों में गिरावट आई और 176 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 146 शेयर एक साल के हाई और 28 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 9 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 12 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।

एमएंडएम और बजाज फिनसर्व चमके

सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयरों में 12 ग्रीन जोन में आज बंद हुए हैं। आज सबसे अधिक तेजी एमएंडएम, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फिनसर्व में रही। वहीं दूसरी तरफ सबसे अधिक गिरावट आईसीआईसीआई बैंक, जोमैटो की एटर्नल और टेक महिंद्रा में रही।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mamata-claims-forced-defeat-targets-ec/182847

ममता बनर्जी का बड़ा आरोप, कहा- 'हम हारे नहीं, हमें हराए गए'

Related to this topic: