मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर जारी अनिश्चितता और होर्मुज स्ट्रेट में तनाव की...
मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर जारी अनिश्चितता और होर्मुज स्ट्रेट में तनाव की वजह से भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखने को मिली है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चा तेल एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। साथ ही रूपये में भी आज गिरावट देखने को मिला है। शेयर बाजार की अस्थिरता मापने वाला India VIX 3.5 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर लगभग 19.2 पर पहुंच गया।
इससे पता चलता है कि निवेशक बाजार को लेकर अभी भी चिंतित हैं। इन कारणों को लेकर शेयर बाजार में हफ्ते के अंतिम दिन भी बिकवाली हावी रही और मार्केट के सभी इंडिकेटर लाल निशान में बंद हुए। वैश्विक स्तर से मिल रहे निगेटिव संकेतों की वजह से शुक्रवार को सेंसेक्स गिरावट के साथ 77,483.80 पर खुला। फिर पिछली क्लोजिंग से 1260.13 अंकों तक लुढ़ककर 76,403.87 के लो तक पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी भी गिरावट के साथ 24,100.55 पर खुला और फिर पिछली क्लोजिंग से लगभग 359.4 अंक गिरकर 23,813.65 के लो तक गया।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 999.79 अंक यानी 1.29% गिरावट के साथ 76,664.21 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 275.10 अंक यानी 1.14% फिसलकर 23,897.95 अंक पर आ गया। पिछले सत्र में सेंसेक्स में 852.49 अंक की गिरावट आई थी जबकि निफ्टी 205.05 अंक लुढ़का था। इससे एक दिन पहले यानि कि गुरुवार को सेंसेक्स 852.49 अंक या 1.09 प्रतिशत टूटकर 77.664 पर बंद हुआ था।
निफ्टी 205.05 अंक या 0.84 प्रतिशत गिरकर 24.173.05 पर बंद हुआ था। इस तरह तीन दिन में सेंसेक्स में करीब 2,600 अंक की गिरावट आई। सबसे ज्यादा 5 प्रतिशत की गिरावट निफ्टी आईटी इंडेक्स में आयी है। फार्मा इंडेक्स लगभग 2 प्रतिशत और हेल्थकेयर व रियल्टी इंडेक्स 1 प्रतिशत से ज्यादा नीचे आए हैं।
अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव की वजह से वैश्विक स्तर पर कच्चा तेल एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है। होर्मुज स्ट्रेट के आसपास ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस कारण अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर 105.97 डॉलर प्रति बैरल हो गया है। तेल की कीमतों में इस हफ्ते करीब 18% की तेजी आई है।
मुद्रा बाजार में भारतीय रुपये में लगातार पांचवें सत्र में गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में यह 24 पैसे टूटकर 94.25 प्रति डॉलर पर आ गया। अंत में रुपया 22 पैसे गिरकर 94.23 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
स्काक एक्सचेंज में आज की गिरावट से निवेशकों की सम्पत्ति में करीब 4.90 लाख करोड़ रूपये की कमी आयी है। गुरुवार, 23 अप्रैल को मार्केट बंद होने पर सेंसेक्स पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,66,39,864.88 करोड़ रुपये था। शुक्रवार को बाजार बंद होने पर यह घटकर 4,61,49,758.18 करोड़ रुपये पर आ गया।
आज की गिरावट में बीएसई पर सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 5 शेयरों को छोड़कर बाकी 25 शेयरों में भारी गिरावट रही। आईटी सेक्टर काफी कमजोर दिखाई दिया, जो 5 फीसदी से ज्यादा टूट गया। इंफोसिस में 7 फीसदी, टीसीएस में 5 फीसदी, विप्रो में 2 फीसदी, एचसीएल में 4 फीसदी और टेक महिंद्रा में 5 फीसदी की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/3-aap-mps-join-bjp-political-stir-in-delhi-punjab/178898