प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

दो दिन से लापता थे दोनों नाबालिग

अमेठी में लापता नाबालिग प्रेमी जोड़े के कुएं में मिले शव, मचा हड़कंप

अमेठी के शिवरतनगंज क्षेत्र में रविवार रात से लापता नाबालिग लड़का-लड़की के शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर एक कुएं से मिले, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अमेठी में लापता नाबालिग प्रेमी जोड़े के कुएं में मिले शव मचा हड़कंप

Bodies of Missing Minor Couple Found in Well in Amethi |

अमेठी (उत्तर प्रदेश)। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात से लापता नाबालिग प्रेमी जोड़े के शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर एक कुएं से मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों के शव उनके घर से करीब दो किलोमीटर दूर कुएं में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रविवार रात से दोनों थे लापता

बताया जा रहा है, कि दोनों नाबालिग एक ही गांव के रहने वाले थे और उनके बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों फोन पर एक-दूसरे से बातचीत भी करते थे। रविवार रात दोनों अपने-अपने घर से निकलने के बाद लापता हो गए। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

 गांव के बाहर स्थित कुएं में दो शव पड़े होने की सूचना

मंगलवार सुबह लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नाबालिग लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि करीब 10 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित कुएं में दो शव पड़े होने की सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाया। शिनाख्त के बाद दोनों शवों के उन्हीं नाबालिग प्रेमी जोड़े के होने की पुष्टि हुई, जिनकी रविवार रात से तलाश की जा रही थी।

दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बताया कि मंगलवार सुबह लड़की के पिता की तहरीर पर लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके कुछ घंटे बाद कुएं में दो शव पड़े होने की सूचना मिली। दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से अन्य कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी

पुलिस के अनुसार दोनों शव फूल चुके थे। इससे प्रथम दृष्टया दोनों के रविवार को ही कुएं में गिरने या कूदने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ेंः शिवपुरी में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण, 1 किमी दूर से ला रहे पानी

Related to this topic: