प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 555 अंक फिसला और निफ्टी 23,635 पर बंद

भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। सेंसेक्स 555 अंक टूटकर 75,577 और निफ्टी 144 अंक गिरकर 23,635 पर बंद हुआ। कच्चे तेल की तेजी से दबाव बढ़ा। पढ़ें पूरी खबर।

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट सेंसेक्स 555 अंक फिसला और निफ्टी 23635 पर बंद

Indian markets end lower on Tuesday |

मुंबई (महाराष्ट्र)। घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट का सिलसिला लगातार दूसरे दिन जारी रहा और दोनों मानक सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। जहां बीएसई सेंसेक्स 555 अंक लुढ़क गया, वहीं एनएसई निफ्टी 144 अंक टूटा। कच्चे तेल के दाम में तेजी और अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बने रहने से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता प्रभावित हुई।

ICICI बैंक और रिलायंस में बिकवाली हावी

ICICI बैंक, HDFC बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे प्रमुख शेयरों में बिकवाली से भी बाजार पर दबाव बढ़ा। 30 शेयरों पर आधारित BSE सेंसेक्स 555.23 अंक यानी 0.73 प्रतिशत टूटकर 75,577.58 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 579.46 अंक तक लुढ़क गया था। इसी तरह, NSE निफ्टी 144.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,635.10 अंक पर बंद हुआ।

ब्रेंट क्रूड पहुंचा 98 डॉलर के पार

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और HDFC बैंक में प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी ओर लाभ में रहने वाले शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अदाणी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इंटरग्लोब एविएशन शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.45 प्रतिशत बढ़कर 98.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

सात सप्ताह के निचले स्तर पर बाजार

एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, "भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। कच्चे तेल की ऊंची कीमत और लगातार बनी वैश्विक अनिश्चितता से निवेशकों की धारणा प्रभावित होने के कारण बाजार में गिरावट जारी रही और यह सात सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया। पूरे कारोबारी सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा।"

मिडकैप में तेजी, स्मॉलकैप लगभग स्थिर

मझोली कंपनियों से जुड़ा मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.79 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कंपनियों से जुड़ा स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ लगभग स्थिर रहा। BSE के क्षेत्रवार सूचकांकों में बीमा सूचकांक 1.05 प्रतिशत, टॉप-10 बैंक 0.97 प्रतिशत, निजी बैंक सूचकांक 0.88 प्रतिशत, वित्तीय सेवाएं 0.80 प्रतिशत, तेल एवं गैस 0.64 प्रतिशत, बैंकएक्स 0.63 प्रतिशत और ऊर्जा सूचकांक में 0.48 प्रतिशत की गिरावट रही। वहीं, जिंस, एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियां), स्वास्थ्य, औद्योगिक, दूरसंचार, पूंजीगत सामान, बिजली, सेवाएं और मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक्स क्वालिटी टिल्ट सूचकांक बढ़त में रहे। 

एशियाई बाजारों में भी कमजोरी का असर

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में कारोबार के दौरान गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को ‘श्रमिक दिवस’ के अवसर पर बंद रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 280.13 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स सोमवार को 382.62 अंक यानी 0.50 प्रतिशत टूटकर 76,132.81 अंक और निफ्टी 118.55 अंक की गिरावट के साथ 23,779.15 अंक पर बंद हुआ था। ​(इनपुट:PTI)

यह भी पढ़ें: अदाणी डिफेंस ने एके-203 राइफल के गोला-बारूद आपूर्ति के लिए IRRPL से 5 साल का समझौता

Related to this topic: