प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

शेयर बाजार अपडेट: बाजार में जोरदार रिकवरी

ग्लोबल मंदी के बीच भारतीय शेयर बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स 1533 अंक उछला; निफ्टी 23,000 के करीब

वैश्विक बाजारों में बिकवाली के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में भारी बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स 1,533 अंक और निफ्टी 374 अंक उछलकर बंद हुआ। जानें तेजी के मुख्य कारण और एक्सपर्ट्स की राय।

ग्लोबल मंदी के बीच भारतीय शेयर बाजार में तूफानी तेजी सेंसेक्स 1533 अंक उछला निफ्टी 23000 के करीब

BSE Sensex surges over 1500 points on Thursday |

मुंबई (महाराष्ट्र)। वैश्विक बाजारों में मंदी और टेक शेयरों में बिकवाली के बावजूद गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। भारी खरीदारी के दम पर बीएसई सेंसेक्स 1,533.72 अंक (2.11%) की बड़ी बढ़त के साथ 74,315.61 पर बंद हुआ, वहीं एनएसई निफ्टी 50 भी 374.65 अंक (1.66%) चढ़कर 22,997.35 के स्तर पर पहुंच गया।

ग्लोबल बिकवाली के बीच भारत क्यों चमका?

यह तेजी ऐसे समय में आई है जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन और अमेरिका में बढ़ती महंगाई की चिंताओं के कारण एशियाई बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, "ग्लोबल टेक्नोलॉजी बाजारों में बिकवाली के कारण भारतीय शेयरों का आकर्षण बढ़ा है। इससे निवेशकों ने घरेलू लार्ज-कैप टेक कंपनियों, प्राइवेट बैंकों और डिफेंसिव शेयरों में जमकर खरीदारी की।"

बाजार को किन कारकों से मिला समर्थन?

विनोद नायर के अनुसार, बॉन्ड यील्ड में गिरावट, रुपये में मजबूती और कच्चे तेल की घटती कीमतों ने बाजार की धारणा को मजबूत किया। इसके अलावा, इक्विटी टैक्सेशन में संभावित बदलावों की उम्मीदों ने भी निवेशकों के जोखिम लेने की क्षमता को बढ़ाया।

हालांकि, उन्होंने सतर्क करते हुए कहा कि स्मॉल-कैप, मिड-कैप और पीएसयू बैंक शेयरों में बिकवाली यह दर्शाती है कि इस तेजी में व्यापक भागीदारी की कमी थी। आगे की दिशा दूसरी तिमाही के नतीजों, विदेशी निवेशकों (FIIs) की वापसी और कच्चे तेल के रुख पर निर्भर करेगी।

सेक्टर का हाल: आईटी और ऑटो चमके, पीएसयू बैंक टूटे

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर आईटी, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर में शानदार तेजी रही:

  • निफ्टी ऑटो: 1.67% की बढ़त
  • निफ्टी आईटी: 1.82% का उछाल
  • निफ्टी प्राइवेट बैंक: 1.89% चढ़ा

दूसरी ओर, निफ्टी मीडिया में 1.47% और निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.55% की गिरावट दर्ज की गई।

IDBI बैंक के शेयरों में 8% की बड़ी गिरावट

कैबिनेट द्वारा फेयरफैक्स को डिस्काउंट पर 52,878 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी बेचने की मंजूरी के बाद IDBI बैंक के शेयर में भारी बिकवाली देखी गई। एनएसई पर बैंक का शेयर 8% टूटकर 83.07 रुपये पर बंद हुआ।

निफ्टी और सेंसेक्स के लिए अहम सपोर्ट व रेजिस्टेंस लेवल

Hedged.in के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट (HNI & Derivatives) रियांक अरोड़ा ने कहा, "निफ्टी 375 अंक चढ़कर 22,900 का स्तर पार कर चुका है। आने वाले दिनों में निफ्टी के लिए 22,950–22,900 पहला सपोर्ट और 22,750 दूसरा सपोर्ट लेवल होगा, जबकि 23,050–23,150 पर रेजिस्टेंस देखने को मिल सकता है।"

उन्होंने आगे बताया कि सेंसेक्स के लिए 74,100–73,900 पर मजबूत सपोर्ट है, जबकि 74,600–74,900 के स्तर पर रुकावट (Resistance) आ सकती है।

कमोडिटी मार्केट और एशियाई बाजारों की स्थिति

कच्चा तेल: ब्रेंट क्रूड ऑयल 2% से अधिक गिरकर 103.55 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
सोना-चांदी: सोने की कीमत 1.3% बढ़कर 1,47,804 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.32% की बढ़त के साथ 2,11,083 रुपये पर पहुंची।

दूसरी तरफ, एशियाई बाजारों में बुरा हाल रहा। जापान का निक्केई (Nikkei) 5% से ज्यादा गिरकर 64,340 पर बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी (KOSPI) 8% से अधिक टूटकर 5,554 पर आ गया। ताइवान का इंडेक्स 3.53% और हांगकांग का हैंग सेंग 1.15% फिसलकर बंद हुआ।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: दूसरी तिमाही में ऑटो बिक्री 18.2 प्रतिशत बढ़कर 83.88 लाख यूनिट हुई

Related to this topic: