रविवार का दिन सिनेमाघरों में लगी फिल्मों के लिए शानदार रहा। कई फिल्मों की कमाई में अच्छा उछाल देखने को मिला।
कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ को वीकेंड का फायदा
माइथोलॉजिकल फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ ने रविवार को अच्छी कमाई की। फिल्म ने एक दिन में करीब 3.50 करोड़ रुपये जुटाए। शनिवार के मुकाबले इसकी कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली। रिलीज के बाद से फिल्म धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। अब तक इसका कुल कलेक्शन 7 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच चुका है।
‘दादी की शादी’ को मिला परिवारों का प्यार
कपिल शर्मा और नीतू कपूर की फिल्म ‘दादी की शादी’ भी वीकेंड पर संभलती नजर आई। फिल्म ने रविवार को लगभग 1.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हल्की शुरुआत के बाद अब फिल्म को फैमिली ऑडियंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। तीन दिनों में इसका कुल कलेक्शन 3 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।
‘राजा शिवाजी’ अब भी बॉक्स ऑफिस की शान
छत्रपति शिवाजी महाराज की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रविवार को फिल्म ने करीब 6.80 करोड़ रुपये कमाए। वीकेंड पर दर्शकों की भीड़ बढ़ने से इसकी कमाई में बड़ा उछाल आया। अब तक फिल्म 68 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।
‘एक दिन’ की रफ्तार हुई धीमी
साई पल्लवी और जुनैद खान स्टारर ‘एक दिन’ बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पा रही है। रविवार को फिल्म सिर्फ 10 लाख रुपये ही कमा सकी। लगातार कमजोर प्रदर्शन के कारण फिल्म अब बॉक्स ऑफिस की रेस में पीछे होती नजर आ रही है।
‘भूत बंगला’ ने फिर दिखाई ताकत
अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ एक बार फिर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही। रविवार को फिल्म ने करीब 4.10 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 158 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है।
‘धुरंधर 2’ की कमाई जारी
‘धुरंधर 2’ भी लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। रविवार को फिल्म ने करीब 1.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल कलेक्शन 1143 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।
यह भी पढ़े: यूपी में योगी कैबिनेट का विस्तार
https://www.primenewsnetwork.in/state/six-new-ministers-sworn-in-as-up-cabinet-expands/203445