भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के भाषण का एक अंश सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है।
नई दिल्ली। भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के भाषण का एक अंश सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है जिसमें कहा गया है कि ऑस्ट्रेलिया के लिए भारत एक अहम साझेदार के रूप में किस तरह खड़ा है। फिलिप ग्रीन ने पोस्ट में लिखा है कि जब प्रधानमंत्री भारत के बारे में इतनी दृढ़ता और जोश के साथ बात करते हैं, वह देश जहां आप उच्चायुक्त के तौर पर सेवा दे रहे हैं तो इससे आपका काम कहीं ज्यादा सार्थक हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हम ऑस्ट्रेलिया में आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
व्यापार, संस्कृति और क्रिकेट के मैदान पर भारत-ऑस्ट्रेलिया की अटूट साझेदारी
इस पोस्ट के साथ प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज का एक वीडियो भी था, जिसमें उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र में ये हमारे लिए एक असाधारण मौका है। हम एक प्रशांत राष्ट्र हैं, लेकिन हम एक हिंद महासागर राष्ट्र भी हैं। आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते से हमारे व्यापारिक संबंध और मज़बूत हुए हैं और हम संस्कृति, शिक्षा और क्रिकेट की अंतरराष्ट्रीय भाषा के ज़रिए एक-दूसरे के और करीब आए हैं।
मोदी की यात्रा और भारतीय समुदाय की सराहना
उन्होंने भारत की अपनी यात्राओं को याद करते हुए कहा कि वहां जो अपनापन और गर्मजोशी है, उसे खुद महसूस करना एक शानदार अनुभव है। इसी तरह जल्द ही यहां प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी करने का सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि ये एक ऐसा सौभाग्य जिसे मैं दूसरी बार दोहराने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। अल्बनीज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को दस लाख से ज्यादा लोगों वाला भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय बेहद खास बना देगा। उन्होंने इस समुदाय की कड़ी मेहनत, ऑस्ट्रेलियाई अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और समाज को बेहतर बनाने में उनके योगदान की सराहना की। यह समुदाय ऑस्ट्रेलिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्रवासी समुदाय है।
यह भी पढ़ें: बंदर अब्बास में मिसाइल हमले के बाद ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर किया हमला