दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा की जांच शुरू कर दी है। फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम से संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 20 जुलाई को नई दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक, जांच विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के लिए कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों की भूमिका पर फोकस करेगी।
सुनियोजित साजिश और FRS से होगी जांच
अधिकारियों के मुताबिक, जांच में विशेष रूप से यह पता लगाया जाएगा कि क्या हिंसा सुनियोजित थी और क्या CJP द्वारा संसद तक मार्च का आह्वान करने के बाद आपराधिक तत्व प्रदर्शन स्थलों में घुस आए थे। अधिकारियों ने आगे बताया कि जांच में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा एकत्र किए गए फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) डेटा के माध्यम से पहचाने गए 2,873 संदिग्धों की भी जांच की जाएगी, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर रद्द हुईं FIR
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर, दिल्ली पुलिस ने जुलाई की हिंसा से संबंधित 17 FIR पहले ही रद्द कर दी थीं। अधिकारियों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच अब विशेष रूप से हिंसा की जांच करेगी, जिसमें पुलिस कर्मियों पर कथित हमले, तोड़फोड़ और पुलिस वाहनों सहित सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना शामिल है। 20 जुलाई को, CJP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए संसद में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी, और परिसर के कई एंट्री गेट बंद कर दिए गए थे।
जंतर-मंतर पर जुटा था प्रदर्शनकारियों का हुजूम
CJP के 'संसद चलो' मार्च के आह्वान के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई थी, जिसमें कार्यकर्ता और प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए थे। मार्च और मानसून सत्र शुरू होने से पहले, बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया और क्षेत्र में सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा ड्रिल भी कराई गई थी।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन: दिल्ली पुलिस ने पुलिसकर्मियों पर हमले के वीडियो का विश्लेषण शुरू किया