रायबरेली में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कानून-व्यवस्था और बेहतर पुलिसिंग के लिए सात निरीक्षकों व एक उपनिरीक्षक की नई तैनाती की है। ऊंचाहार और सरेनी को नए प्रभारी मिले हैं।
रायबरेली: पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए देर रात सात निरीक्षक व एक उपनिरीक्षक के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। लंबे समय से बिना निरीक्षक के चल रहे ऊंचाहार और सरेनी थानों में नए प्रभारी निरीक्षकों की तैनाती की गई है। वहीं खीरों प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
कई निरीक्षकों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षक मनबोध तिवारी को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक ऊंचाहार बनाया गया है। निरीक्षक विन्ध्य विनय रावत को पीआरओ पुलिस अधीक्षक से प्रभारी निरीक्षक सरेनी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक बलवंत सिंह शाही को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक शिवगढ़ भेजा गया है। इसी तरह निरीक्षक राजीव सिंह को प्रभारी निरीक्षक शिवगढ़ से प्रभारी निरीक्षक चंदापुर बनाया गया है। निरीक्षक अरविंद सिंह को प्रभारी निरीक्षक चंदापुर से गैर जनपद के लिए कार्यमुक्त किया गया है। निरीक्षक अंजेश सिंह को पुलिस लाइन से पीआरओ पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षक सुरेंद्र कुमार को प्रभारी मानिटरिंग सेल बनाया गया है। वह मानिटरिंग सेल के कार्यों के अतिरिक्त विशेष जांच प्रकोष्ठ के कार्य भी देखेंगे।
उपनिरीक्षक बाबू खान को सौंपी गई चुनाव सेल की जिम्मेदारी
वहीं, अपराध शाखा में तैनात उपनिरीक्षक बाबू खान को चुनाव सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऊंचाहार और सरेनी में नए प्रभारी निरीक्षकों की तैनाती के साथ खीरों प्रभारी निरीक्षक को लाइन हाजिर किए जाने को पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण फेरबदल माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। सभी अधिकारियों को नवीन तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, फरियादियों की सुनवाई और लंबित मामलों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़ें- सहारनपुर में जनगणना फेस-2 की तैयारी तेज, 132 फील्ड ट्रेनर्स को मिलेगा प्रशिक्षण