कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मणिपुर हिंसा को लेकर केंद्र पर तीखा हमला बोला और पीएम मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह से शांति बहाली व विस्थापितों के पुनर्वास पर जवाब मांगा।
नई दिल्ली। मणिपुर में जारी हिंसा और चार नागरिकों की ताजा हत्याओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से सवाल करते हुए पूछा कि राज्य में शासन की इस ऐतिहासिक विफलता की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बयान जारी कर मणिपुर के हालात को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मई 2023 से अब तक 300 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 24,530 लोग बेहद दयनीय स्थिति में राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। खड़गे ने ताजा हिंसा में चार नागरिकों की मौत की भी कड़ी निंदा की।
शासन की इस विफलता की जिम्मेदारी कौन लेगा: खड़गे
केंद्र की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए खड़गे ने कहा, "तीन साल से अधिक समय, 300 से अधिक मौतों, राष्ट्रपति शासन और मुख्यमंत्री बदलने के बाद, शासन की इस ऐतिहासिक विफलता की जिम्मेदारी कौन लेगा?" उन्होंने आरोप लगाया कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमावर्ती राज्य में कानून-व्यवस्था, संवैधानिक अधिकारों और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने में विफलता रही है।
'राजनीतिक लाभ के लिए बंधक नहीं राज्य'
कांग्रेस अध्यक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जून 2023 में गठित शांति समिति की वर्तमान स्थिति और सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त जस्टिस गीता मित्तल समिति की सिफारिशों पर की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी। उन्होंने जोर देकर कहा, "मणिपुर न्याय, सम्मान, संवैधानिक अधिकार और स्थायी शांति का हकदार है" और राज्य की स्थिरता को राजनीतिक लाभ के लिए बंधक नहीं बनाया जा सकता।
48 घंटे के बंद से जनजीवन प्रभावित
दूसरी तरफ, खोंगबल तंगखुल क्षेत्र में तीन मैतेई नागरिकों की हत्या और कई लोगों के घायल होने के विरोध में नेटिव पीपुल्स कमेटी मणिपुर (एनपीसीएम) द्वारा बुलाए गए 48 घंटे के बंद से सामान्य जीवन प्रभावित हुआ। इस दौरान बैंक, शैक्षणिक संस्थान, बाजार और अंतरराज्यीय सड़क परिवहन बंद रहे, हालांकि आवश्यक सेवाएं और विमान सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हुईं।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: मणिपुर में हिंसक झड़पों के खिलाफ राज्यव्यापी बंद, जनजीवन ठप; सुरक्षा कार्रवाई की मांग