भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को छाती में संक्रमण के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को छाती में संक्रमण (चेस्ट इन्फेक्शन) के चलते नई दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन द्वारा शनिवार को जारी जानकारी के मुताबिक, 98 वर्षीय दिग्गज नेता को गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ की देखरेख में चल रहा इलाज
अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ कंसलटेंट (न्यूरोलॉजी) डॉ. विनीत सूरी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम आडवाणी के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है। अस्पताल ने स्पष्ट किया है कि वे गहन चिकित्सीय निगरानी में हैं और उनकी स्थिति नियंत्रण में है।
नेताओं ने जताया कष्ट, नड्डा ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
आडवाणी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही देशभर के राजनीतिक गलियारों से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं की जाने लगीं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को खुद अपोलो अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से आडवाणी के स्वास्थ्य का हाल जाना।
ओडिशा के उपमुख्यमंत्री ने की महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना
ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर चिंता व्यक्त करते हुए लिखा, "हमारे श्रद्धेय राजनेता, वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी के छाती में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होने की खबर से बेहद चिंतित हूं। महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी उन्हें शक्ति, संबल और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें, ताकि वे अपने मार्गदर्शन से राष्ट्र को प्रेरित करते रहें।"
भारतीय राजनीति के अहम स्तंभ का लंबा सफर
आठ दशक से अधिक लंबे सार्वजनिक जीवन में लालकृष्ण आडवाणी ने भारतीय राजनीति और भाजपा के विस्तार में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। केंद्र सरकार में गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री जैसे शीर्ष पदों पर रहे आडवाणी के स्वास्थ्य को लेकर उनके समर्थक और शुभचिंतक निरंतर दुआएं कर रहे हैं।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: भारत ने मालदीव को दी 3,000 करोड़ रुपये की मदद, आर्थिक स्थिरता को मिलेगा सहारा