प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मोदी-ट्रंप बातचीत, नाविक सुरक्षा पर जोर

मोदी ने ट्रंप से उठाया भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा, बोले- होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहना जरूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक में समुद्री सुरक्षा और भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

मोदी ने ट्रंप से उठाया भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा बोले- होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहना जरूरी

Modi Trump Meeting |

एवियन (फ्रांस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक में समुद्री सुरक्षा और भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने वैश्विक व्यापार और आर्थिक स्थिरता के लिए खुले समुद्री मार्गों की आवश्यकता पर जोर दिया।

भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

समुद्री व्यापार के मानवीय पहलू का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लाखों भारतीय दुनिया भर में नाविक के रूप में कार्यरत हैं। पश्चिम एशिया में जारी घटनाक्रमों के बीच उनकी सुरक्षा भारत के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।

होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखना जरूरी

प्रधानमंत्री ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला रहना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते में नाविकों की सुरक्षा को विशेष महत्व दिया जाएगा। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति बहाली के लिए ट्रंप की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के प्रयासों में हुई प्रगति के लिए मैं आपके नेतृत्व की सराहना करता हूं।” उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में शांति की उम्मीद जगाने के लिए अमेरिका की पहल महत्वपूर्ण रही है।

व्यापार समझौतों पर भी हुई चर्चा

बैठक के बाद ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि उनकी प्रधानमंत्री मोदी के साथ “बहुत अच्छी” बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौतों को लेकर बातचीत जारी है और दोनों देश आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। यह बैठक दोनों नेताओं के बीच 16 महीने से अधिक समय बाद हुई पहली औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता थी। इसे दोनों देशों के संबंधों में नई ऊर्जा और गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों की टीमें साझा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं और भारत-अमेरिका संबंधों में नई गति दिखाई दे रही है।

भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा भी उठा

बैठक में इस महीने की शुरुआत में ओमान तट के पास हुए अमेरिकी सैन्य हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा भी उठा। इस पर ट्रंप ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नाविकों का पेशा बेहद कठिन है और अमेरिका इस विषय पर भारत के साथ मिलकर काम करेगा। ट्रंप ने कहा, “हम उन सभी लोगों से प्यार करते हैं। वे महान लोग हैं और हम इस मुद्दे पर साथ मिलकर काम करेंगे।”

जी7 मंच पर भी उठाई समुद्री सुरक्षा की मांग

इससे पहले जी7 के विशेष सत्र में भी प्रधानमंत्री मोदी ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नाविकों को बिना किसी भय के अपना कर्तव्य निभाने का अवसर देने की आवश्यकता पर बल दिया था।

ANI

यह भी पढ़े: ट्रंप बोले: ईरान पैसा लौटाए या डॉलर संकट

Related to this topic: