केरल और तमिलनाडु में आज मानसून कभी भी दस्तक दे सकता है। अगले 24 घंटे के भीतर कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
नई दिल्ली: देश में चिलचिलाती गर्मी के बीच राहत की बड़ी खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक, केरल और तमिलनाडु में आज मानसून कभी भी दस्तक दे सकता है। अगले 24 घंटे के भीतर कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
केरल में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। हालांकि, बिहार के लोगों को अब भी उमस और भीषण लू से राहत के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।
भारत के कई राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने केरल और कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना जताई है। राजस्थान कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ ओले गिरने की भी संभावना है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: पंचकूला में शूटआउट: गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग के शूटरों का वार्ड पार्षद के देवर पर जानलेवा हमला, देखें वीडियो
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 7 दिनों में केरल के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि भारी बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने, नदियों में उफान आने और लैंडस्लाइड जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत
दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में आज गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। शाम या रात में तेज रफ्तार में हवाएं चल सकती हैं। साथ ही धूल भरी आंधी और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम सुहावना रहेगा। हिमाचल के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। उत्तराखंड में कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा, अस्पताल के ICU में आग लगने से 7 लोगों की मौत