दीपावली से पहले भारतीय शेयर बाजार में आज जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स आज 862.23 अंक बढ़ा जबकि निफ्टी 261.75 अंकों की शानदार तेजी देखी गयी।
दीपावली से पहले शेयर मार्केट में जबरदस्त धूम धड़ाका
सेंसेक्स 862 अंक चढ़ा, निफ्टी 25550 के ऊपर हुआ बंद
मुंबई।
दीपावली से पहले भारतीय शेयर बाजार में आज जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स आज 862.23 अंक बढ़ा जबकि निफ्टी 261.75 अंकों की शानदार तेजी देखी गयी। सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी के दिन मिडकैप, स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी रही। रियल्टी, ऑटो, FMCG शेयरों में खरीदारी रही। PSU बैंक इंडेक्स हल्की गिरावट पर बंद हुआ। कंजम्पशन, बैंकिंग, इंफ्रा इंडेक्स बढ़त पर बंद हुआ।
शेयर मार्केट में कारोबार के अंत में तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 862.23 अंक यानी 1.04 फीसदी की बढ़त के साथ 83,467.66 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय सेंसेक्स 1,010.05 अंक या 1.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,615.48 पर पहुँच गया था। वहीं पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 261.75 अंक यानी 1.03 फीसदी की बढ़त के साथ 25,585.30 के स्तर पर बंद हुआ।
भारत-अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर सकारात्मक बातचीत और ग्लोबल मार्केट्स से मिले पॉजिटिव संकेतों को 'भारतीय शेयर बाजार तेजी का कारण माना जा रहा है। रियल्टी, ऑटो, FMCG के शेयरों में अच्छा रूख देखा गया। साथ ही माना जा रहा है कि फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FII) ने भी दोबारा भारतीय स्टाक्स में पैसा लगाना शुरू किया है, जिसे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नरम टिप्पणियों और कमजोर डॉलर इंडेक्स ने सपोर्ट किया। भारतीय रुपये में हाल की मजबूती ने भी पॉजिटिव माहौल बनाया। फिलहाल मार्केट का जोश बना हुआ है, लेकिन यह रैली टिकेगी या नहीं, यह कंपनियों के तिमाही नतीजों और ग्लोबल ट्रेड के डेवलपमेंट्स पर निर्भर करेगा।
आज के कारोबार के दौरान सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स और एचडीएफसी बैंक प्रमुख लाभ में रहे।
हालांकि, इटर्नल और इंफोसिस पिछड़ गए। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.49 प्रतिशत, जापान का निक्केई 225 सूचकांक 1.27 प्रतिशत और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक 0.10 प्रतिशत चढ़ा। हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुआ।
आज के चढ़ने वाले प्रमुख शेयर -
गुरुवार के कारोबार में सेंसेक्स पैक से सबसे अधिक उछाल कोटक बैंक के शेयरों ने दर्ज की है। यह स्टॉक 2.67 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ, जबकि टाइटन कंपनी के शेयर 2.63 फीसदी मजबूत होकर बंद हुए। इसके बाद एक्सिस बैंक के शेयरों में 2.33 प्रतिशत की तेजी आई, जबकि अडानी पोर्ट में 1.97 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया। इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.83 फीसदी चढ़कर बंद हुए।
आज के गिरने वाले प्रमुख शेयर -
दूसरी तरफ, सेंसेक्स पैक में केवल दो स्टॉक लाल निशान में बंद हुए। इटरनल के शेयर 1.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि दूसरा इन्फोसिस है। इन्फोसिस के शेयर 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।