गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमीनों के पट्टा आवंटन में भ्रष्टाचार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए अधिकारियों को निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमीनों के पट्टा आवंटन में भ्रष्टाचार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिस भी गांव में रुपया लेकर पट्टा आवंटन की शिकायत मिले, वहां तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में शुक्रवार सुबह आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। सीएम योगी कुर्सियों पर बैठे लोगों तक खुद चलकर पहुंचे, उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं और समझीं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
हर पीड़ित को न्याय का भरोसा
उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लगातार दो दिन मकर संक्रांति/खिचड़ी महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाओं के प्रबंधन और निगरानी में व्यस्त रहने के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन का आयोजन किया। जनता दर्शन में एक महिला ने गांव में गरीबों को जमीन के पट्टा आवंटन में अनियमितता की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जहां भी रुपया लेकर जमीन का पट्टा दिया गया हो, वहां संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
अपराध से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में एक महिला ने आर्थिक तंगी के कारण बिटिया की शादी की चिंता जताई, जिस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह कराने की व्यवस्था करने को कहा। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंदों के उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराया जाए। एस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी।
यह भी पढ़े: यूपी में योगी सरकार की नई आबकारी नीति
https://www.primenewsnetwork.in/india/yogi-government-prepares-new-excise-policy-in-up/105121