सोशल मीडिया पर दोस्ती और विवाहेत्तर संबंध स्थापित कर शादी के प्रयास का खौफनाक अंजाम सामने आया है। इस वाकया से जुड़े युवक और युवती दोनों ही बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे।
सोशल मीडिया पर दोस्ती में जान गंवानी पड़ी विवाहिता को
काजल को दोस्त ने ही मार कर ट्राली बैग में ठूंस कर फेंका
सूरत। सोशल मीडिया पर दोस्ती और विवाहेत्तर संबंध स्थापित कर शादी के प्रयास का खौफनाक अंजाम सामने आया है। इस वाकया से जुड़े युवक और युवती दोनों ही बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे। पति से रिश्ता ठीक नहीं रहने की वजह से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने वाली काजल को उसके दोस्त ने मार कर ट्राली बैग में भर कर फेंक दिया।
प्राप्त विवरण के अनुसार काजल दोस्त के प्रेम में ऐसी दिवानी हुई कि उसको पाने के लिए बिहार से दिल्ली और फिर सूरत आ पहुंची। वहां काजल की लाश एक ट्रैवल बैग में बंद करके गड्ढे में दबा दी गई। रिपोर्ट के अनुसार प्रेमी ने शादी के दबाव से तंग आकर उसकी हत्या कर दी। फिर उसके दो साल के बेटे को लेकर भाग गया। सूरत से करीब 50 किलोमीटर दूर कोसांबा-तरसादी रोड पर एक रेलवे ओवरब्रिज के पास गड्ढे से एक ट्रॉली बैग में लाश बरामद हुई। हत्या के आरोपी रवि शर्मा (27) को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह काजल के बेटे को लेकर भाग निकला था। सूरत पुलिस ने रवि को गिरफ्तार करने के साथ ही काजल के बेटे को भी बरामद कर लिया है।
शुरुआती पूछताछ में पता चला कि काजल और रवि की मुलाकात करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर के भटोलिया का रहने वाला शर्मा दिल्ली के एक होटल में काम करता था। करीब एक साल पहले मुजफ्फरपुर के ही एक गांव की रहने वाली काजल से उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हो गई। दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। चैट और फोन पर दोनों की लंबी बात होती थी। काजल शादीशुदा थी और उसका एक बच्चा भी था, लेकिन पति से अलगाव की वजह से वह रवि के साथ रहना चाहती थी।
काजल एक साल के बेटे को लेकर दिल्ली चली गई। दिल्ली में वह अक्सर रवि के होटल में मिलने जाया करती थी। कुछ समय बाद वह रवि पर शादी का दबाव बनाने लगी। लेकिन वह ऐसा नहीं चाहता था। इसकी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। कुछ महीने पहले रवि चुपचाप गुजरात चला गया और वहीं काम करने लगा। उसने काजल से संपर्क तोड़ दिया। रवि जिस दोस्त के सहारे गुजरात पहुंचा था, काजल ने उससे संपर्क करके किसी तरह रवि का पता लगा लिया। काजल रवि के पीछे गुजरात पहुंच गई। दिल्ली से कुछ दिन पहले ही अपने बेटे को लेकर वह कोसांबा गई थी। वह यहां रवि के साथ रहने लगी और उस पर शादी का दबाव बनाने लगी। रविवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ तो रवि ने गला दबाकर काजल को मार डाला।
उसने काजल के बच्चे को पहले दोस्त के घर छोड़ा और फिर बाद में उसे लेकर कोसांबा रेलवे स्टेशन चला गया। उसने वहां बच्चे को बिठाकर मोबाइल फोन देखने के लिए दे दिया। उसने स्टेशन से ट्रॉली बैग खरीदा और उसे लेकर घर आया। इसमें काजल की लाश को डालकर गड्ढे में दबा दिया। बाद में वह बच्चे को लेकर ट्रेन से दिल्ली चला गया। वह फरीदाबाद में एक दोस्त के घर से पकड़ा गया।
यह भी पढेंःhttps://www.primenewsnetwork.in/sports/team-india-announced-for-south-africa-series-rishabh-pant-returns/96669
साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, ऋषभ पंत की वापसी..आकाश दीप को मिला मौका
यह भी पढ़ेंःhttps://www.primenewsnetwork.in/india/insurance-policies-become-costlier-despite-the-abolition-of-gst/96683
जीएसटी समाप्त होने के बावजूद बीमा पॉलिसियां हुई मंहगी