प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मुंबई फायरिंग मामला

टाइगर श्रॉफ पर फर्जी वीडियो और बयानों से भड़की टीम, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

टाइगर श्रॉफ की टीम ने अभिनेता से जुड़े फर्जी बयानों और AI वीडियो पर कड़ी चेतावनी दी है। मुंबई फायरिंग मामले में पुलिस जांच जारी है।

टाइगर श्रॉफ पर फर्जी वीडियो और बयानों से भड़की टीम कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

Tiger Shroff with minister Eknath Shinde (File Photo) |

मुंबई (महाराष्ट्र)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की मैनेजमेंट टीम ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे मनगढ़ंत बयानों, फर्जी कहानियों और AI से तैयार वीडियो के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। टीम ने चेतावनी दी है कि ऐसा भ्रामक कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फर्जी कंटेंट के खिलाफ सख्त चेतावनी

मुंबई के जुहू इलाके में हाल ही में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद से इंटरनेट पर कई तरह के अनधिकृत वीडियो और दावे सामने आ रहे हैं। इस पर कड़ा ऐक्शन लेते हुए 'टीम टाइगर' ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता ने इस घटना या इससे जुड़े किसी भी घटनाक्रम पर न तो कोई बयान दिया है और न ही कोई वीडियो जारी किया है।

मैनेजमेंट टीम ने जनता और मीडिया से अपील की है कि वे किसी भी तरह के डिजिटल भ्रम में न आएं और केवल आधिकारिक बयानों पर ही भरोसा करें।

"हमने ऐसी किसी भी घटना पर कोई बयान या वीडियो जारी नहीं किया है। ऑनलाइन फैलाए जा रहे सभी दावे झूठे और मनगढ़ंत हैं।" — टीम टाइगर

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

टीम ने साफ कर दिया है कि ऑनलाइन एंगेजमेंट और वित्तीय लाभ के लिए किसी सार्वजनिक हस्ती के नाम पर झूठी खबरें या AI वीडियो प्रसारित करना पूरी तरह गैरकानूनी है। यदि कोई भी पेज या व्यक्ति ऐसा भ्रामक कंटेंट बनाते या फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

क्या है मुंबई फायरिंग मामला?

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच इस हाई-प्रोफाइल फायरिंग मामले की गहराई से जांच कर रही है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों हमलावरों का शुरुआती निशाना कोई अन्य प्रमुख बॉलीवुड हस्ती थी। हालांकि, सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा होने के कारण वे अपने पहले लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाए। इसके बाद हमलावरों ने कथित तौर पर आसान टारगेट मानते हुए टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया और उनकी कार पर गोलियां चलाईं।

रविवार शाम करीब सात बजे जुहू स्थित एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकलते समय यह वारदात हुई थी। गनीमत यह रही कि इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, हालांकि उनके ड्राइवर को चोटें आईं। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के कोटा से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आर्म्स एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस का खुलासा: 'टाइगर श्रॉफ नहीं थे हमलावरों का असली निशाना'

Related to this topic: