नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को आयोजित चयन ट्रायल्स में विनेश फोगाट को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। वे आगामी एशियाई खेल 2026 से बाहर हो गई हैं।
नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती जगत से एक बड़ी खबर आ रही है कि स्टार पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता विनेश फोगाट का आगामी एशियाई खेल 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना टूट गया है। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को आयोजित चयन ट्रायल्स में विनेश को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में मिली इस हार के बाद वे एशियाई खेलों की रेस से बाहर हो गई हैं।
सेमीफाइनल में मीनाक्षी ने दी मात
ट्रायल्स के शुरुआती दौर में विनेश फोगाट बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही थीं। उन्होंने शुरुआत तो धमाकेदार की लेकिन सेमीफाइनल के कड़े मुकाबले में वे अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं। मीनाक्षी के खिलाफ खेले गए इस बेहद रोमांचक मैच में विनेश को 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। इस एक हार ने उनके एशियाई खेलों में जाने के अरमानों पर पानी फेर दिया।
शुरुआती मुकाबलों में दिखाया था दम
इससे पहले हरियाणा की रहने वाली दिग्गज पहलवान और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने मैट पर शानदार शुरुआत की थी। उन्होंने अपने पहले मुकाबले में ज्योति को 7-1 के बड़े अंतर से पटखनी दी। इसके बाद दूसरे दौर में भी उन्होंने अपना दबदबा कायम रखते हुए निशू को मात दी थी। हालांकि, सेमीफाइनल में आकर उनकी गाड़ी पटरी से उतर गई।
कुश्ती महासंघ ने दी थी जानकारी
इससे पहले भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने शनिवार सुबह ही ट्रायल्स में विनेश फोगाट के शामिल होने की पुष्टि की थी। महासंघ ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया था कि तय शेड्यूल के मुताबिक इंदिरा गांधी स्टेडियम में महिलाओं के 53 किलोग्राम समेत सभी भार वर्गों का वजन (Weigh-in) किया गया। इस प्रक्रिया में विनेश फोगाट सहित सभी योग्य पहलवानों ने हिस्सा लिया और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं।
विनेश ने ट्रायल्स की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
विनेश फोगट ने आरोप लगाया कि एशियन गेम्स 2026 के ट्रायल सही तरीके से नहीं किए गए। सेमीफ़ाइनल में हार के बाद विनेश ने ट्रायल्स की निष्पक्षता पर सवाल उठाया और कहा कि ये मुद्दे मीडिया समेत सभी को दिख रहे थे। उन्होंने कहा कि सिस्टम कुछ एथलीटों के खिलाफ काम कर रहा था। फोगाट ने कहा कि चुनौतियों के बावजूद वे और दूसरे लोग पूरे सिस्टम के खिलाफ खड़े होकर लड़ते रहेंगे। अपनी हार पर बात करते हुए फोगाट ने कहा कि उन्होंने ट्रायल्स में अपना बेस्ट दिया और उम्मीद है कि उनका सफर उनके बेटे को इंस्पायर करेगा और मोटिवेशन का काम करेगा।
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन चक्रव्यूह: केरल में 24 किलो ड्रग्स के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार