गणेश उत्सव के पावन अवसर पर भगवान गणेश को प्रिय मोदक का भोग घर पर ही आसानी से तैयार किया जा सकता है।
नई दिल्ली (भारत)। गणेश उत्सव के दौरान भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाने की परंपरा है। मोदक को घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है। चावल के आटे, नारियल और गुड़ से बनने वाला पारंपरिक उकडीचे मोदक स्वादिष्ट होने के साथ बनाने में भी ज्यादा मुश्किल नहीं है। आइए जानते हैं घर पर मोदक बनाने की आसान रेसिपी।
मोदक बनाने के लिए सामग्री
बाहरी परत के लिए:-
- 1 कप चावल का आटा
- 1 कप पानी
- 1 चम्मच घी
- एक चुटकी नमक
भरावन के लिए:-
- 1 कप कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल
- ¾ कप गुड़
- ½ चम्मच इलायची पाउडर
- 1 चम्मच घी
- थोड़े कटे हुए काजू-बादाम
मोदक बनाने की विधि
सबसे पहले एक कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर हल्का भूनें। अब इसमें गुड़ डालें और धीमी आंच पर पकाएं। गुड़ पिघलने के बाद इलायची पाउडर और चाहें तो कटे हुए मेवे डाल दें। मिश्रण को कुछ देर पकाकर गैस बंद कर दें और ठंडा होने के लिए रख दें।
बर्तन में पानी, घी और थोड़ा नमक डालकर उबालें
अब एक बर्तन में पानी, घी और थोड़ा नमक डालकर उबालें। पानी उबलने लगे तो गैस धीमी करके इसमें चावल का आटा डालें। इसे अच्छी तरह मिलाकर ढक दें। मिश्रण थोड़ा ठंडा होने पर हाथों से अच्छी तरह गूंथकर नरम आटा तैयार कर लें। आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें हल्का दबाकर कटोरी जैसी आकार दें। इसके बीच में तैयार नारियल-गुड़ की भरावन रखें। अब किनारों को उंगलियों की मदद से मोड़ते हुए ऊपर से बंद कर दें और मोदक का पारंपरिक आकार दें।
करीब 10-15 मिनट तक करें स्टीम
इसके बाद मोदक को स्टीमर में रखकर करीब 10-15 मिनट तक भाप में पकाएं। जब मोदक की बाहरी परत अच्छी तरह पक जाए तो इन्हें बाहर निकाल लें। ऊपर से थोड़ा घी लगाकर भगवान गणेश को भोग लगाया जा सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
मोदक की बाहरी परत न तो बहुत मोटी होनी चाहिए और न ही बहुत पतली। आटा गूंथते समय उसमें पर्याप्त नमी रखें, ताकि मोदक बनाते समय किनारे फटें नहीं। वहीं भरावन को बहुत ज्यादा गीला न रखें, वरना मोदक बंद करने में परेशानी हो सकती है।
नोट: प्रसाद के लिए मोदक बनाते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और सामग्री अपनी पसंद व जरूरत के अनुसार कम-ज्यादा कर सकते हैं।
यह भी पढ़ेंः बालों को मजबूत और स्वस्थ बनाने के लिए अपनाएं ये आसान घरेलू नुस्खे, इन बातों का रखें विशेष ध्यान