प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जीनोमिक जांच में बड़ी असमानता

कैंसर की जीनोमिक जांच में बड़ी असमानता, LMIC देशों में सिर्फ 2% परीक्षण

जीनोमिक जांच और उसके अनुरूप उपचार तक पहुंच में देशों के भीतर और देशों के बीच अब भी बहुत अधिक असमानता है। ‘द लैंसेट ऑन्कोलॉजी’ की ओर से गठित एक विशेषज्ञ आयोग ने इसकी जानकारी दी है।

कैंसर की जीनोमिक जांच में बड़ी असमानता lmic देशों में सिर्फ 2 परीक्षण

Cancer: Major Disparity in Genomic Testing, Only 2% Tests in LMICs |

नयी दिल्ली: जीनोमिक जांच और उसके अनुरूप उपचार तक पहुंच में देशों के भीतर और देशों के बीच अब भी बहुत अधिक असमानता है। ‘द लैंसेट ऑन्कोलॉजी’ की ओर से गठित एक विशेषज्ञ आयोग ने इसकी जानकारी दी है।

कैंसर आनुवंशिक जांच में भी बड़ी खाई

विशेषज्ञ आयोग ने कैंसर से जुड़ी आनुवंशिक जांच से संबंधित शोध में भी व्यापक असमानताओं की पहचान की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बायोमार्कर आधारित कैंसर परीक्षणों में से केवल दो प्रतिशत परीक्षण निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों (एलएमआईसी) में किए जाते हैं, जबकि लगभग 81 प्रतिशत परीक्षण उच्च आय वाले देशों में होते हैं।

प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी को लेकर चेतावनी

आयोग के अंतरराष्ट्रीय लेखकों की टीम ने ‘‘सफलता के विरोधाभास’’ को लेकर चेतावनी दी है। उनके अनुसार, सटीक चिकित्सा (प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी) के तेजी से विस्तार ने आबादी के स्तर पर मिलने वाले लाभों की तुलना में लागत और जटिलता को अधिक तेजी से बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कैंसर की दवाओं पर वैश्विक खर्च पिछले पांच वर्षों में लगभग 75 प्रतिशत बढ़कर 2024 में करीब 252 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है और इसके 2029 तक बढ़कर 441 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।

70 से 80 लाख मरीजों को हर साल जांच की जरूरत

शोधकर्ताओं ने क्लिनिकल परीक्षणों और जीनोमिक डेटासेट से जुड़े वैश्विक आंकड़ों का विश्लेषण किया तथा राष्ट्रीय कैंसर कार्यक्रमों का सर्वेक्षण किया। टीम ने अनुमान लगाया कि दुनियाभर में कैंसर से पीड़ित 70 से 80 लाख लोगों को हर साल मानक उपचार के तहत आणविक जांच (मॉलिक्यूलर टेस्टिंग) की आवश्यकता होती है।

निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों में पहुंच सीमित

हालांकि, आयोग ने कहा कि विशेष रूप से निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों में इसकी उपलब्धता अब भी सार्वभौमिक नहीं है। शोधकर्ताओं ने कहा कि उदाहरण के लिए, हर साल अनुमानित 3.14 लाख महिलाएं जिनको अंडाशय का कैंसर है, उन्हें बीआरसीए (स्तन कैंसर जीन) जांच कराना चाहिये, लेकिन इनमें से करीब आधी महिलाओं की यह जांच नहीं हो पाती। यह कमी मुख्य रूप से निम्न और मध्यम आय वाले देशों में जांच की कम उपलब्धता के कारण है।

स्वास्थ्य प्रणालियों के लिए रूपरेखा जारी

स्वास्थ्य प्रणालियों को इस दिशा में मदद करने के लिए आयोग ने यह तय करने की रूपरेखा पेश की है कि किन आणविक जांचों और उनसे जुड़े उपचारों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए। इसके साथ ही उसने स्वास्थ्य प्रणाली की तैयारी का आकलन करने के लिए एक उपकरण भी सुझाया है।

आंकड़े साझा करने के लिए सिद्धांत तय

आयोग ने स्वास्थ्य कर्मियों की दक्षताओं से जुड़ी रूपरेखा और जिम्मेदार तरीके से आंकड़े साझा करने के सिद्धांत भी तय किए हैं।

ये भी पढ़ें: जमशेदपुर में बैंक लूट की जांच के लिए 20 सदस्यीय SIT गठित, 43 लाख नकद और सोना लूटकर फरार हुए बदमाश

Related to this topic: