लागोस में कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत ने 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज समेत 7 पदक जीते।
लागोस (नाइजीरिया)। नाइजीरिया के लागोस में भारतीय तलवारबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप के दूसरे दिन भारत ने 1 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य समेत कुल 7 पदक जीते। महिला ईपी में तनिष्का खत्री ने गोल्ड अपने नाम किया, जबकि महिला सेबर और पुरुष फॉइल में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
सीनियर सर्किट में भारत की स्थिति मजबूत, खाते में जुड़े 7 नए पदक
फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सीनियर इंडिविजुअल इवेंट्स - महिला सेबर, महिला एपी और पुरुष फॉयल में हिस्सा लेते हुए टीम इंडिया ने अपने मेडल टैली में 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जोड़े, जिससे सीनियर सर्किट में देश की मज़बूत स्थिति और पुख्ता हुई।
महिला एपी में तनिष्का का गोल्ड, खुशी को सिल्वर और प्राची को ब्रॉन्ज
भारतीय टीम ने सीनियर महिला एपी इवेंट में शानदार प्रदर्शन किया और पोडियम पर अपना दबदबा बनाए रखा। तनिष्का खत्री ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि उनकी साथी खिलाड़ी खुशी दाभाड़े ने सिल्वर मेडल हासिल किया। प्राची लोहान ने ऑस्ट्रेलिया की हैरिसन एस्ली के साथ ब्रॉन्ज मेडल साझा किया, जिससे इस इवेंट में भारत के नाम तीन मेडल हो गए।
महिला सेबर में आखरी का सिल्वर, जेफ़रलिन और श्रुति ने जीते ब्रॉन्ज
सीनियर महिला सेबर इंडिविजुअल कैटेगरी में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर तीन स्थान हासिल किए। आखरी ने कड़ी टक्कर के बाद सिल्वर मेडल जीता; उनसे आगे इंग्लैंड की ब्रियरली रहीं जिन्होंने गोल्ड जीता, जबकि जेफ़रलिन और श्रुति जोशी ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीते।
पुरुष फॉयल में तेजस पाटिल ने जीता ब्रॉन्ज, सपोर्ट स्टाफ का भी अहम योगदान
वहीं, सीनियर पुरुष फॉयल इवेंट में तेजस पाटिल ने कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के बीच ज़बरदस्त प्रदर्शन किया और ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। उनसे आगे साइप्रस के गोल्ड मेडलिस्ट एलेक्स टोफालिडास और इंग्लैंड के सिल्वर मेडलिस्ट ओलिवर स्टारेंज रहे, जबकि इंग्लैंड के डेविड विलियम ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। टीम की इस लगातार सफलता में भारतीय कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ का अहम योगदान रहा है। इसमें कोच भरतजी ठाकोर, श्रीहरि पिसे और शंकर नारायणन, फिजियोथेरेपिस्ट अमृता बालकावाड़े और टीम मैनेजर मनु त्यागी शामिल हैं।
14 अगस्त तक चलेगी चैंपियनशिप, राजीव मेहता ने खिलाड़ियों की सराहना की
लागोस में 14 अगस्त तक चल रहे इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन को बनाए रखने में उनके मार्गदर्शन, तैयारी और सहयोग की अहम भूमिका रही है। फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया के सेक्रेटरी जनरल राजीव मेहता ने मेडल जीतने वाले सभी खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ़ और अधिकारियों की कड़ी मेहनत और शानदार नतीजों के लिए तारीफ़ की। फेडरेशन को पूरा भरोसा है कि भारतीय टीम अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेगी और चैंपियनशिप के बाकी समय में भी शानदार प्रदर्शन करती रहेगी। (Source: ANI)
यह भी पढ़े: साइबर फ्रॉड पर सरकार की कार्रवाई में 3,718 मोबाइल ऐप्स ब्लॉक और 11,158 करोड़ रुपये बचाए