आईपीएल खिलाड़ी शशांक सिंह, उनके पिता और ड्राइवर पर घरेलू रसोइए ने मारपीट, धमकी और बंधक बनाने का आरोप लगाया। पीड़ित ने मामले में न्याय की मांग की।
भोपाल। आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह, उनके पिता शैलेश सिंह और उनके ड्राइवर पर मारपीट का आरोप लगाने वाले घरेलू रसोइए विपेंद्र सिंह तोमर ने दावा किया है कि काम जारी रखने से इनकार करने पर उन्हें पीटा गया, धमकाया गया और घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। उन्होंने मामले में न्याय की मांग की है।
'फोन छीन लिया, बुरी तरह पीटा'
एएनआई से बातचीत में विपेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि वह 25 जून को भोपाल स्थित परिवार के घर में खाना बनाने के लिए पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वहां का व्यवहार देखकर उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला किया, जिसके बाद उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया, गाली-गलौज की गई और क्रिकेटर शशांक सिंह, उनके पिता शैलेश सिंह तथा ड्राइवर ने उनके साथ मारपीट की।
एफआईआर दर्ज कराने में देरी का भी आरोप
तोमर ने आरोप लगाया कि जब वह शिकायत लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे तो शुरुआत में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी की। बाद में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में न्याय चाहिए।
रतिबाद थाने में दर्ज हुई एफआईआर
सोमवार को भोपाल के रतिबाद थाने में तोमर की शिकायत के आधार पर शशांक सिंह, उनके पिता शैलेश सिंह और परिवार के ड्राइवर के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जबरन बंधक बनाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई।
नौकरी छोड़ने पर कथित रूप से बनाया गया दबाव
एफआईआर के अनुसार, रीवा जिले के 31 वर्षीय विपेंद्र सिंह तोमर को एक परिचित के माध्यम से भोपाल बुलाया गया था। उन्हें 15 हजार रुपये मासिक वेतन, भोजन, आवास और सरकारी नौकरी दिलाने में मदद का आश्वासन दिया गया था। शिकायत के मुताबिक, काम शुरू करने के बाद भोजन की गुणवत्ता को लेकर उनके साथ गाली-गलौज की गई। जब उन्होंने नौकरी छोड़ने की बात कही तो कथित तौर पर उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और उन्हें काम जारी रखने के लिए मजबूर किया गया।
पुलिस जांच जारी
एफआईआर में यह भी कहा गया है कि शिकायतकर्ता ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए एक कमरे में बंद कर लिया था, लेकिन आरोपी कथित तौर पर कमरे में घुस गए और उनके साथ मारपीट की। मेडिकल जांच में उनके शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ANI
यह भी पढ़े: हुल दिवस पर अमित शाह ने संथाल क्रांति के वीरों को किया नमन, कहा- ब्रिटिश शासन के खिलाफ बुलंद किया प्रतिरोध का स्वर