प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

हैमिल्टन T20I: ईशान किशन का धमाका

ईशान किशन ने रचा इतिहास: T20I में पूरे किए 2000 रन, तोड़ा सूर्या का महारिकॉर्ड

ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें T20I में 61 रनों की तूफानी पारी खेलकर T20I में 2000 रन पूरे किए और एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने का सूर्या का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

ईशान किशन ने रचा इतिहास t20i में पूरे किए 2000 रन तोड़ा सूर्या का महारिकॉर्ड

Ishan Kishan |

हैमिल्टन (न्यूजीलैंड)। हैमिल्टन के सेडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पांचवें और अंतिम T20 मैच में भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन ने इतिहास रच दिया। ईशान T20 इंटरनेशनल में 2,000 रन पूरे करने वाले सातवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में भारत के लिए सबसे ज्यादा T20I रन बनाने का सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया।

32 गेंदों में ठोके 61 रन, छक्कों की बरसात

बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन ने महज 32 गेंदों पर 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। इस आक्रामक पारी के दम पर उनके 69 T20I मैचों में अब 2,016 रन हो चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 206 चौके और 96 छक्के निकले हैं।

ईशान के लिए साल 2026 बल्ले से बेहद यादगार साबित हो रहा है। इस साल उन्होंने 37 T20 मैचों में 35.88 की औसत और 171.58 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से कुल 1,220 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं। इसी के साथ उन्होंने 2022 में बनाए गए सूर्यकुमार यादव के 1,164 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

शुरुआती झटके के बाद अय्यर के साथ संभाली पारी

भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और दूसरे ही ओवर में अभिषेक शर्मा का विकेट गिर गया। लेकिन तीसरे नंबर पर उतरे ईशान किशन ने मैदान पर आते ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 93 रनों की विस्फोटक साझेदारी की।

कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी आक्रामक अंदाज दिखाते हुए महज 23 गेंदों पर 50 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 3 चौके शामिल थे। मध्यक्रम में नमन धीर ने 23 गेंदों में 33 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 17 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 191 रन टांगे।

शून्य पर आउट होने के बाद जोरदार वापसी

गौरतलब है कि सीरीज के पिछले मुकाबले में ईशान किशन खाता भी नहीं खोल सके थे। शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने इस मैच में पचासा जड़कर शानदार वापसी की। टी20 विश्व कप 2026 में भारत की खिताबी जीत में भी ईशान की अहम भूमिका रही थी, जहां उन्होंने 317 रन बनाए थे।

भारत के लिए T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा (4,231 रन) के नाम दर्ज है। उनके बाद विराट कोहली (4,188 रन) और सूर्यकुमार यादव (3,272 रन) का नंबर आता है। सक्रिय भारतीय बल्लेबाजों में सूर्या शीर्ष पर हैं। वहीं हार्दिक पांड्या, अभिषेक शर्मा और केएल राहुल के बाद अब ईशान किशन सातवें पायदान पर आ पहुंचे हैं।

कीवी टीम के लिए एडम मिल्ने ने चार विकेट हासिल किए, जबकि नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर को दो-दो सफलता मिली।
(इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: मेरा काम सभी को खुश रखना नहीं बल्कि टीम के हित में सही फैसले लेना है: गौतम गंभीर

Related to this topic: