डेनमार्क ओपन में किदांबी श्रीकांत और अश्मिता चालिहा बाहर हो गए, जबकि ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब महिला एकल में तन्वी शर्मा से भारतीय उम्मीदें जुड़ी हैं।
कोपेनहेगन: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत गुरुवार को डेनमार्क ओपन के दूसरे दौर में टूर्नामेंट से बाहर हो गए। Olympics.com के अनुसार, पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी को फ्रांस के मौजूदा विश्व चैंपियन एलेक्स लैनियर ने 11-21, 21-15, 21-15 से एक घंटे छह मिनट में हरा दिया। किदांबी ने शुरुआती गेम आसानी से जीतकर मैच में जीत के प्रबल दावेदार लग रहे थे। दूसरा गेम हारने के बाद, उन्होंने निर्णायक गेम में 15-13 से बढ़त हासिल की, लेकिन विश्व नंबर आठ खिलाड़ी के खिलाफ लगातार आठ अंक गंवा दिए।
ट्रीसा-गायत्री की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंची
श्रीकांत की हार के साथ ही पुरुष वर्ग में भारत की टूर्नामेंट में उम्मीदें खत्म हो गईं। इससे पहले, लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी पहले ही दौर में टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे, जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पुरुष युगल में चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा। महिला युगल में, ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने पांचवीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई खिलाड़ी राहेल एलेसिया रोज और फेबी सेतियानिंग्रम को 21-16, 21-17 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पहले गेम में दोनों खिलाड़ी 11-9 से पिछड़ गई थीं; हालांकि, एक बार वापसी करने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
तन्वी शर्मा पर भारतीय उम्मीदों का दारोमदार
अश्मिता चालिहा को तीसरी वरीयता प्राप्त और तीन बार की विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची से हार का सामना करना पड़ा। पहले गेम में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद, वह 21-18, 21-10 से हार गईं।
तन्वी शर्मा महिला एकल में जर्मनी की यवोन ली के खिलाफ भारतीय चुनौती को जीवित रखने की कोशिश करेंगी, जिन्होंने मंगलवार को पहले दौर में भारतीय स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु को बाहर कर दिया था। उन्नति हुडा भी बुधवार को पहले दौर में ही बाहर हो गईं।
(इनपुट: ANI)
ये भी पढ़ें- अमेरिका के ओरेगॉन स्कूल में गोलीबारी, 3 बच्चों और एक वयस्क की मौत