मैनचेस्टर में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में टी20 डेब्यू कर सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व गर्व की बात है।
मैनचेस्टर (यूके)। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने सभी शुभचिंतकों का प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है और वह हर बार भारतीय टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।
सबसे कम उम्र के भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने
वैभव सूर्यवंशी सभी प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी टेस्ट खेलने वाले देश के सबसे कम उम्र के डेब्यू करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में उन्होंने 15 वर्ष और 99 दिन की उम्र में पदार्पण कर सचिन तेंदुलकर और पीयूष चावला के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
डेब्यू मैच में खेली 14 रन की पारी
अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में सूर्यवंशी 10 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। मैच के बाद सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर स्टोरी साझा करते हुए अपने शुभचिंतकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सर्वोच्च स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला, जिसके लिए वह बेहद आभारी हैं और राष्ट्रीय जर्सी में हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करेंगे।

भारत ने बनाए 190 रन
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 190 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों पर 43 रन, श्रेयस अय्यर ने 22 गेंदों पर 37 रन और ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 49 रन की अहम पारियां खेलीं। अंत में तिलक वर्मा ने 11 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इंग्लैंड की ओर से सैम कुरेन ने तीन विकेट लिए।
बेथेल की शानदार पारी से इंग्लैंड की जीत
191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने फिल साल्ट तथा जोस बटलर के विकेट बिना खाता खोले गंवा दिए। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने तेज 39 रन बनाए, जबकि जैकब बेथेल ने 46 गेंदों पर नाबाद 76 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को 19 ओवर में ही जीत दिला दी। जोफ्रा आर्चर 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
सीरीज में इंग्लैंड को बढ़त
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था, जबकि अब भारत के पास सीरीज में वापसी के लिए तीन मुकाबले शेष हैं।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: विश्व बैंक की रिपोर्ट में खुलासा: पाकिस्तान में प्रांतीय खर्च में भारी असमानता, राजधानियों को मिल रहा सबसे अधिक बजट