VVS लक्ष्मण ने खुलासा किया कि 2023 में निजी कारणों से उन्होंने टीम इंडिया का हेड कोच बनने का ऑफर ठुकरा दिया था। अब वह BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं।बेंगलुरु (कर्नाटक)।
बेंगलुरु (कर्नाटक)। भारत के पूर्व बल्लेबाज और BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के हेड कोच VVS लक्ष्मण ने बताया कि उन्हें 2023 में टीम इंडिया का हेड कोच बनने का ऑफर मिला था, लेकिन निजी कारणों से वे इसे स्वीकार नहीं कर सके। उन्होंने CoE के प्रमुख के तौर पर काम जारी रखने और इसके विकास में योगदान देने का फैसला किया।
चोट प्रबंधन और रिहैब पर BCCI की नजर
हाल ही में खिलाड़ियों के चोटिल होने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने रविवार को लक्ष्मण से मुलाकात की और सुविधा केंद्र में रिहैबिलिटेशन और चोट-प्रबंधन कार्यक्रम की समीक्षा की। सैकिया ने लक्ष्मण, BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी हिस्सा लिया।
दो साल के लिए बढ़ाया अपना कार्यकाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा, "मैंने (CoE प्रमुख के तौर पर) अपना कार्यकाल क्यों बढ़ाया: 2023 में मुझे हेड कोच बनना था। निजी कारणों से मैं वह जिम्मेदारी नहीं ले सका। मैंने जय (शाह) से दो बार बात की। उन्होंने मेरी वजहों को समझा। जय और BCCI ने मुझे जो आजादी दी है - अपने विजन के साथ काम करने की - वह देवजीत और अन्य पदाधिकारियों के साथ भी जारी रहेगी।" उन्होंने आगे कहा, "मैंने दो साल के लिए अपना अनुबंध बढ़ाया और BCCI को आश्वासन दिया है कि भले ही मैं हेड कोच का पद नहीं संभाल रहा हूं, लेकिन यहां से जाने से पहले मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि CoE स्थापित हो जाए और इसका ढांचा, प्रक्रियाएं और प्रोटोकॉल तैयार हो जाएं।"
आधुनिक सुविधाओं से लैस नया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
सितंबर 2024 में, बीसीसीआई के तत्कालीन सचिव जय शाह द्वारा बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' का उद्घाटन किया गया, जिसने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 'नेशनल क्रिकेट अकादमी' के नाम से संचालित पुरानी सुविधा की जगह ली। 40 एकड़ में फैली यह सुविधा भारत में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और खेल विज्ञान को आगे बढ़ाने का मुख्य केंद्र बनने के लिए डिजाइन की गई है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तीन मैदान और 86 पिचें हैं। इनमें इनडोर और आउटडोर दोनों क्षेत्र शामिल हैं, जो व्यापक प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान करने की इसकी क्षमता को दर्शाते हैं।
2021 से संभाल रहे हैं CoE की कमान
2021 के अंत में, लक्ष्मण ने राहुल द्रविड़ की जगह CoE प्रमुख का पद संभाला, जबकि द्रविड़ टीम इंडिया के हेड कोच बन गए। तब से लक्ष्मण इस सुविधा केंद्र के प्रमुख हैं और उनके कार्यकाल के दौरान, CoE का विस्तार एक पूर्ण सुविधा केंद्र के रूप में हुआ है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: श्रीलंका टेस्ट सीरीज में चोटिल साई सुदर्शन की जगह ले सकते हैं सरफराज खान: BCCI सूत्र