कटघोरा में खेलते समय करंट की चपेट में आने से 10 माह के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।
कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के जटगा मोड़ (कसनिया) में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां 10 माह के मासूम बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
खेलते समय अचानक लगी करंट
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान दक्ष आनंद (10 माह), पिता अमर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बच्चा घर में खेलते समय अचानक बिजली के तार या किसी विद्युत उपकरण की चपेट में आ गया, जिससे उसे तेज करंट लग गया। घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को गंभीर हालत में इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद रात करीब 12 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चा किन परिस्थितियों में करंट की चपेट में आया।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में भीषण सड़क हादसा: कार व स्कूटी की टक्कर के बाद ट्रक से टकराई कार,स्कूटी सवार युवक की मौत, दो घायल