प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

भिंड में दर्दनाक हादसा

भिंड में तेज रफ्तार स्कूल बस ने 12 साल की छात्रा को कुचला, मौत के बाद नेशनल हाईवे पर जाम

भिंड में तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने भिंड-ग्वालियर हाईवे पर जाम लगा दिया।

भिंड में तेज रफ्तार स्कूल बस ने 12 साल की छात्रा को कुचला मौत के बाद नेशनल हाईवे पर जाम

12-Year-Old Girl Killed by School Bus in Bhind, Highway Blocked |

भिंड (मध्य प्रदेश)। जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 साल की छात्रा की मौत हो गई। घटना गोहद थाना क्षेत्र के भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर बिरखड़ी के पास हुई। हादसे के बाद मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने स्कूल बस की तेज रफ्तार को बताया हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सनराइज स्कूल की बस की लापरवाही के कारण हुआ। बताया गया कि स्कूल बस की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान सड़क पार कर रही छात्रा बस की चपेट में आ गई और बस ने उसे कुचल दिया। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक बस समेत मौके से फरार होने की कोशिश में रहा।

छात्रा की मौत के बाद ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रशासन और स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से नाराज लोगों ने हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में संचालित निजी स्कूलों की बसें बिना सुरक्षा मानकों का पालन किए तेज रफ्तार से चलती हैं। इससे आए दिन बच्चों की जान पर खतरा बना रहता है।

मौके पर पहुंची गोहद थाना पुलिस, जाम खुलवाने के प्रयास जारी

घटना की जानकारी मिलते ही गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक हाईवे से जाम हटवाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर समझाइश का दौर जारी था। जाम के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

स्कूल बसों की रफ्तार और बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर स्कूल बसों की अनियंत्रित रफ्तार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने निजी स्कूलों की बसों की तेज रफ्तार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर नाराजगी जताई है। हादसे के बाद क्षेत्र में स्कूल बसों के संचालन और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता सामने आई है।

यह भी पढ़ें:   औरंगाबाद पुलिस के अभियान में 33 गिरफ्तार, 388.80 लीटर देसी शराब और दो बाइक जब्त

Related to this topic: