प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

कुएं में मिले 13 हिरणों समेत कुत्ते के शव

कुएं के अंदर मिला खौफनाक मंजर, 13 हिरण और एक आवारा कुत्ते के शव बरामद; बदबू से हुआ हादसे का खुलासा

अनुभाग की कालापीपल तहसील के खरदौनकलां गांव में एक खेत के कुएं से 13 हिरणों और एक आवारा कुत्ते के शव मिले हैं।

कुएं के अंदर मिला खौफनाक मंजर 13 हिरण और एक आवारा कुत्ते के शव बरामद बदबू से हुआ हादसे का खुलासा

13 Deer and Dog Carcasses Found in Well |

शुजालपुर {मध्यप्रदेश}: अनुभाग की कालापीपल तहसील के खरदौनकलां गांव में एक खेत के कुएं से 13 हिरणों और एक आवारा कुत्ते के शव मिले हैं। रविवार को कुएं से दुर्गंध आने पर खेत मालिक के परिजनों ने अंदर झांककर देखा तो बड़ी संख्या में सड़े-गले शव दिखाई दिए। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। सोमवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद सभी शवों का अंतिम संस्कार किया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि कुत्ते से बचने के दौरान हिरण कुएं में गिर गए।

दुर्गंध आने पर हुआ हादसे का खुलासा

खरदौनकलां निवासी कृष्णाबाई पति राजेश पाटीदार के परिजन रविवार को खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुएं से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने नीचे देखा तो 13 हिरणों और एक कुत्ते के शव पड़े मिले। शवों की हालत देखकर आशंका जताई गई कि घटना एक-दो दिन पहले हुई होगी। इसके बाद खेत मालिक ने सरपंच को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

क्षतिग्रस्त मुंडेर से गिरने की आशंका

ग्रामीणों के अनुसार, कुएं पर सुरक्षा के लिए मुंडेर बनी हुई थी, लेकिन उसका एक हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। आशंका है कि हिरण उसी टूटे हुए हिस्से से कुएं में गिर गए होंगे। वन विभाग की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हिरणों का झुंड किसी आवारा कुत्ते से बचने के लिए तेजी से भाग रहा था। इसी दौरान सभी हिरण कुएं में गिर गए। जिस कुत्ते से वे बच रहे थे, वह भी कुएं में गिर गया और उसकी मौत हो गई। मृत हिरणों में चार नर और नौ मादा शामिल हैं।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी पुष्टि

ग्रामीणों ने बताया कि दौड़ते समय हिरण क्षतिग्रस्त मुंडेर वाले हिस्से से कुएं में गिरे होंगे। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। वन विभाग के अनुसार, हिरण वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 में शामिल संरक्षित वन्यजीव हैं। इसलिए नियमानुसार वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी में ही शव निकालने और पंचनामा की कार्रवाई की जाती है।

पोस्टमार्टम के बाद किया गया अंतिम संस्कार

रविवार को सूचना मिलने के समय एसडीओ विभागीय कार्य से रतलाम में थे। ऐसे में सोमवार को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में सभी शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद घटनास्थल के पास ही सभी शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

यह भी पढ़े: रायबरेली में सांसद चंद्रशेखर आजाद की मांग, राम मंदिर कथित दान चोरी मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो स्वतंत्र CBI

Related to this topic: