प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

हाइवा की टक्कर से किशोरी की मौत

औरंगाबाद में तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, 16 वर्षीय युवती की मौत

बिहार के औरंगाबाद में एनएच-139 पर हरदता गांव के पास तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार 16 वर्षीय काजल कुमारी की मौत हो गई।

औरंगाबाद में तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर 16 वर्षीय युवती की मौत

रोते बिलखते लोग |

औरंगाबाद (बिहार)। तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार 16 वर्षीय एक किशोरी की मौत हो गई। घटना एनएच-139 पर अंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदता गांव के समीप की है। मृतका की पहचान नवीनगर थाना क्षेत्र के मानियाराडीह गांव निवासी राजकुमार चंद्रवंशी की पुत्री काजल कुमारी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, काजल की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। मंगलवार को उसे इलाज कराने के लिए उसका भाई गुड्डू कुमार और फूफा निर्भय कुमार बाइक से हरिहरगंज लेकर गए थे। इलाज कराने के बाद तीनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।

हरदता गांव के समीप एनएच-139 पर हुआ हादसा

इसी दौरान हरदता गांव के समीप एनएच-139 पर तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और काजल सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान हाइवा उसे कुचलते हुए निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि बाइक चला रहा उसका भाई गुड्डू कुमार और फूफा निर्भय कुमार बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। किशोरी की मौत से आक्रोशितों ने परिजनों के साथ मिलकर सड़क जाम कर दिया। आक्रोशितों ने मृतका के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग

आक्रोशितों का आरोप है कि गिट्टी और डस्ट लदे हाइवा के तेज रफ्तार परिचालन के कारण इलाके में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। अधिक ट्रिप लगाने के चक्कर में कई चालक भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी तेज गति से वाहन चलाते हैं। इससे सड़क पर चलने वाले बाइक सवारों और आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। आक्रोशितों की मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करे।

अंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची

घटना के बाद अंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस की ओर से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। ग्रामीणों और परिजनों की मांग के कारण घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।  

यह भी पढ़ेंः अमेरिकी कांग्रेसमैन राजा कृष्णमूर्ति ने जुलाई को ‘भारतीय अमेरिकी विरासत माह’ घोषित करने के प्रस्ताव का किया समर्थन

Related to this topic: