मिहींपुरवा क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मोतीपुर थाना क्षेत्र के जरही पुल के पास नदी किनारे एक अज्ञात किशोर का शव मिला।
बहराइच, उत्तर प्रदेश: जिले के मिहींपुरवा क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मोतीपुर थाना क्षेत्र के जरही पुल के पास नदी किनारे एक अज्ञात किशोर का शव मिला। मृतक की उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने से घटना को लेकर संदेह गहरा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने जरही पुल के पास नदी किनारे किशोर का शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। फिलहाल किशोर की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है। किशोर के शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और चोटें कैसे आईं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक ने छलावरण (कैमफ्लाज) रंग का हाफ पैंट पहन रखा था। पुलिस के सामने फिलहाल उसकी पहचान कर परिजनों तक पहुंचने की चुनौती है।
मुनादी और व्हाट्सऐप के जरिए पहचान की कोशिश
किशोर की शिनाख्त के लिए पुलिस आसपास के गांवों में मुनादी करा रही है। इसके अलावा, उसके पहनावे से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। पुलिस व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से भी तस्वीर साझा कर पहचान कराने का प्रयास कर रही है, ताकि मृतक के परिजनों या परिचितों के बारे में कोई सुराग मिल सके।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु की थेनी सब-जेल से 16 विचाराधीन कैदी फरार, 4 गिरफ्तार; 12 की तलाश में 17 विशेष टीमें तैनात