बाजार पुलिस ने रोबोट्रेड एप के नाम पर 1.93 करोड़ की ठगी के मामले में डेढ़ साल से फरार मुख्य आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बैतूल {मध्य प्रदेश}: बाजार पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के बड़े मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। रोबोट्रेड एप्लीकेशन के नाम पर 1 करोड़ 93 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाला मुख्य आरोपी डेढ़ साल से फरार था, जिसे पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
निवेश पर मोटे मुनाफे का दिया झांसा
दरअसल गंज बैतूल निवासी कुलदीप राठौर ने 9 फरवरी 2025 को थाना बैतूल बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि मिलन राठौर, पंकज उर्फ ज्ञानप्रकाश साहू, योगेश साहू और देवकृष्ण साहू ने ऑनलाइन रोबोट्रेड एप्लीकेशन में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया और उससे 1 करोड़ 93 लाख रुपये ठग लिए।
पैसा वापस मांगने पर करने लगे टालमटोल
निवेश के बाद जब फरियादी ने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों मिलन राठौर, पंकज साहू और योगेश साहू को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था।
वारदात के बाद से फरार था आरोपी
लेकिन चौथा आरोपी देवकृष्ण साहू निवासी भिलाई छत्तीसगढ़ वारदात के दिन से ही फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिले में आर्थिक और साइबर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
साइबर सेल की मदद से नागपुर में ट्रैक हुआ
इसी अभियान के तहत बैतूल बाजार पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। साइबर सेल से फरार आरोपी की लोकेशन नागपुर में ट्रैक हुई। सूचना मिलते ही बैतूल बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल नागपुर रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ के बाद जेल भेजा गया
आरोपी को बैतूल लाकर पूछताछ की गई तो उसने धोखाधड़ी की पूरी वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय ठाकुर, मुलायम मौर्य, अजय बरबड़े, सुखराम पंवार और आरक्षक लीलाधर की सराहनीय भूमिका रही। वहीं पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि ज्यादा मुनाफे का लालच देने वाले किसी भी अनजान एप पर पैसा निवेश न करें और ठगी होने पर तुरंत शिकायत करें।
ये भी पढ़ें: बरेली में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से शातिर बदमाश घायल; साथी समेत गिरफ्तार