औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र में खनन विभाग ने अवैध गिट्टी लदे दो हाइवा को जब्त कर कुल 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। गुप्त सूचना के आधार पर NH-19 पर कार्रवाई की गई।
औरंगाबाद: बारुण थाना क्षेत्र के एनएच- 19 पर खनन विभाग ने गिट्टी लदे दो हाइवा को जब्त किया है, जिसमें 25 लाख रूपये जुर्माना लगाया गया है। खान निरीक्षक राजू कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध गिट्टी से लदे हाइवा गैमन पुल के रास्ते दूसरे इलाकों में भेजे जा रहे हैं।
अवैध खनन पर दो वाहनों पर 25 लाख का जुर्माना
इस सूचना के आधार पर खनन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर जांच शुरू की। जब वाहनों को रोककर चालकों से कागजात मांगे गए, तो वे वैध दस्तावेज दिखाने में असमर्थ रहे, जिसके बाद संदेह होने पर दोनों वाहनों को बारुण थाना लाया गया। थाना में लाकर जब गहनता से जांच की गई, तो चालकों द्वारा दिखाए गए ढुलाई के कागजात पूरी तरह से संदिग्ध पाए गए। इनके पास ना कोई वैध चालान था और ना ही आईएसटीपी था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए खान एवं भूतत्व विभाग के सहायक निदेशक विकास कुमार के निर्देशानुसार अवैध परिवहन के जुर्म में दोनों वाहनों पर कुल 25 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया।
अवैध खनन पर सख्ती
इस कार्रवाई में खान निरीक्षक मिथुन कुमार, बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। पुलिस की इस मुस्तैदी और भारी जुर्माने की राशि ने गिट्टी माफियाओं की कमर तोड़ दी है। सहायक निदेशक विकास कुमार ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध खनन या अवैध ढुलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी ऐसी चेकिंग जारी रहेगी। फिलहाल सभी ट्रक हाइवा पुलिस की कस्टडी में हैं और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
ये भी पढ़ें- 'बेहद भावुक और आभारी': शिंजो आबे मेमोरियल कॉरिडोर के उद्घाटन पर अकी आबे ने कही ये बात