बिहार के औरंगाबाद में टाइल्स गोदाम की आड़ में गांजा तस्करी का खुलासा हुआ। संयुक्त छापेमारी में 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
औरंगाबाद (बिहार)। टाइल्स गोदाम की आड़ में गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। इस दौरान 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद किया, जिसका बाजार मूल्य करीब 30 लाख रुपए के करीब है। मामला बारुण थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर प्रीतमपुर के समीप की है। यह कार्रवाई मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की टीम ने संयुक्त रूप से की है। प्रारंभिक जांच से पता चला कि तस्करी के लिए टाइल्स दुकान की आड़ में गोदाम किराए पर लिया गया था। गोदाम के अंदर गांजा छिपाकर रखा जाता था। बाहर से सामान्य कारोबारी गतिविधि दिखाई देने के कारण तस्करी के इस ठिकाने पर आसानी से लोगों का ध्यान नहीं जाता था।
गुप्त सूचना पर छापेमारी
उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जांच में पता चला कि आरोपियों ने टाइल्स दुकान की आड़ में गोदाम किराए पर लिया था। गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। हालांकि, छापेमारी के दौरान संबंधित लोगों के मौके से फरार हो जाने के कारण उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जांच अधिकारियों को आशंका है कि छापेमारी से पहले ही गोदाम से गांजे की कुछ खेप दूसरी जगह स्थानांतरित कर दी गई थी। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। तस्करी में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांजे की सप्लाई और तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप गोदाम की आड़ में इतनी बड़ी मात्रा में गांजा जमा किए जाने से तस्करी के तौर-तरीकों का पता चलता है। अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी और इस कारोबार में कितने लोग शामिल हैं। फिलहाल, 2 क्विंटल 25 किलो गांजे की बरामदगी के बावजूद तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होना बाकी है। इस छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार और सिपाही गौतम कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
यह भी पढ़ें: बांका में सर्पदंश से 13 वर्षीय विवेक कुमार की मौत, परिवार में पसरा मातम