प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

वाराणसी में 30 क्विंटल पटाखे ज़ब्त

वाराणसी में अवैध पटाखों पर पुलिस का एक्शन, 2500 किलो रसायन और 30 क्विंटल पटाखे ज़ब्त

वाराणसी पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गोला दीनानाथ में छापेमारी के दौरान 2500 किलो से अधिक रासायनिक पदार्थ बरामद हुए।

वाराणसी में अवैध पटाखों पर पुलिस का एक्शन 2500 किलो रसायन और 30 क्विंटल पटाखे ज़ब्त

वाराणसी में 2500 किलो रसायन और 30 क्विंटल पटाखे ज़ब्त |

वाराणसी: सारनाथ के पैगंबरपुर में मकान में पटाखे बनाने के दौरान हुए विस्फोट के बाद वाराणसी पुलिस ने अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। काशी और वरुणा जोन की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 2500 किलो से अधिक रासायनिक पदार्थ और 30 क्विंटल पटाखे बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि दो मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है।

2500 किलो रसायन और 30 क्विंटल पटाखे बरामद

काशी जोन की कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गोला दीनानाथ स्थित एक मकान में छापा मारा। यहां दो कमरों में 50 से अधिक बोरियों में रखे 2500 किलो से ज्यादा रासायनिक पदार्थ बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, इन रसायनों का इस्तेमाल पटाखे और सुतली बम बनाने में किया जाता है। एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद सामग्री में बेरियम कार्बोनेट, चारकोल पाउडर, बेरियम नाइट्रेट, एल्युमिनियम और पोटेशियम समेत अन्य रसायन शामिल हैं। पुलिस ने गोदाम के मालिक और चेतगंज निवासी राजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, वरुणा जोन की कैंट थाना पुलिस ने एसओजी-2 के साथ सेंट्रल जेल रोड स्थित कुंज विहार कॉलोनी में एक मकान पर छापा मारा। यहां से करीब 30 क्विंटल पटाखे बरामद किए गए। 

अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस सख्त

पुलिस के अनुसार, मकान में पटाखों का अवैध रूप से भंडारण किया गया था और सुरक्षा इंतजाम भी पर्याप्त नहीं थे। पुलिस ने मकान मालिक राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर पटाखे जब्त कर लिए हैं। दीपावली नजदीक आने के साथ ही अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री को लेकर पुलिस सतर्क है। शहर के पितरकुंडा, दालमंडी, बेनियाबाग, मदनपुरा, पांडेयपुर और लहरतारा जैसे इलाकों में चोरी-छिपे कारोबार होने की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई से बचने के लिए कुछ कारोबारी ग्रामीण क्षेत्रों की ओर भी रुख कर रहे हैं। सिंधोरा, पिंडरा, बड़ागांव और रिंग रोड के आसपास के इलाकों पर भी निगरानी की जरूरत बताई जा रही है। पुलिस बरामद सामग्री के स्रोत और उसके इस्तेमाल की जांच कर रही है। 

ये भी पढ़ें- जौनपुर में पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल, रायबरेली इंटरसिटी भी रुकी

Related to this topic: