सिंगरौली में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया, जिससे मार्ग पर करीब पांच घंटे यातायात प्रभावित रहा।
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। सिंगरौली में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। चितरंगी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढेकी में साइकिल और बाइक की भिड़ंत में एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन मौतों के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे खुटार-रजमिलान मार्ग पर करीब पांच घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
चितरंगी में कार की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत
पहली घटना चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम बसनिया के पास की है। तेज रफ्तार कार चालक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मंधारी बैगा (27) और सुनील बैगा निवासी पिपरखड़ उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर व हाथ-पैर में गंभीर चोटें आने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया।
ढेकी में साइकिल-बाइक की भिड़ंत, 5 घंटे ठप रहा खुटार-रजमिलान मार्ग
दूसरी दुर्घटना खुटार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम ढेकी के पास साइकिल और बाइक की टक्कर से हुई। हादसे में साइकिल सवार युवक राजकपूर बिंद (40) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गुस्साए परिजन व ग्रामीण शव को खुटार पुलिस चौकी के सामने सड़क पर रखकर जाम लगा दिए। जिससे परसौना-रजमिलान मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने पर अड़े रहे लोग
आक्रोशित परिजन मौके पर एसडीएम व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने और मुआवजे के साथ-साथ सड़क हादसों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों की बार-बार समझाइश के बाद भी लोग हटने को तैयार नहीं थे। अंततः खुटार चौकी प्रभारी द्वारा समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया।
यह भी पढ़ें: उज्जैन महाकाल मंदिर के सामने होटल में युवक की लाश, साथी बिल देकर फरार! हत्या के एंगल से जांच तेज