प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मैहर में कुएं से युवक का शव बरामद

कुएं से मिला 36 वर्षीय युवक का शव, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया हंगामा; तीन संदिग्ध हिरासत में

मैहर जिले के बिगौड़ी गांव में एक कुएं से एक युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

कुएं से मिला 36 वर्षीय युवक का शव हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया हंगामा तीन संदिग्ध हिरासत में

शव ले जाते लोग |

मैहर (मध्य प्रदेश)। जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिगौड़ी में बुधवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 36 वर्षीय युवक भैयालाल उर्फ भैयन कोल का शव कुएं से बरामद हुआ। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।

बीड़ी खरीदने गए भाई ने देखी पूरी घटना

मृतक के भाई मुकेश रावत का आरोप है कि भैयालाल बुधवार देर शाम घर से निकला था और कुएं के पास अफसर खान, पम्पू खान तथा अजमेर खान के साथ बैठा हुआ था। मुकेश के मुताबिक, जब वह पास की दुकान से बीड़ी खरीदने गया, तभी तीनों आरोपियों ने किसी बात पर हुए विवाद के बाद भैयालाल का गला दबाया और उसे कुएं में फेंक दिया।

3 घंटे की मशक्कत के बाद पोस्टमार्टम के लिए माने परिजन

देर रात स्थानीय निवासियों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। आक्रोशित परिजन शुरुआत में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार नहीं थे। पुलिस अधिकारियों ने करीब तीन घंटे तक समझाइश दी, जिसके बाद परिजन शांत हुए और शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में विवाद के दौरान कुएं में गिरने की बात सामने आई है, लेकिन परिजनों के मारपीट और गला दबाकर हत्या करने के आरोपों की भी गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साले की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

Related to this topic: