नरसिंहपुर के गाडरवारा में शक्कर नदी पुल पर लावारिस बोलेरो से करीब 50 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस वाहन मालिक और शराब के स्रोत की जांच कर रही है।
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र में एक पुल पर अवैध शराब से भरा हुआ वाहन मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जिस पर स्थानीय पुलिस द्वारा वाहन को जब्त कर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह क्षेत्रीय गाडरवारा पुलिस को सूचना मिली की शक्कर नदी के पुल पर एक बोलेरो वाहन लावारिस खड़ा हुआ है, जिसकी सूचना पर पुलिस पुल पर पहुंची।
बोलेरो की तलाशी में बरामद हुई करीब 50 पेटी अवैध शराब
इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें अवैध शराब रखी होने का पता चला। वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 50 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
वाहन मालिक और शराब की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में स्थानीय पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पता लगाने में जुटी है कि वाहन किसका है, इसे कौन चला रहा था और शराब कहां से लाई जा रही थी तथा कहां पहुंचाई जानी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: बाइक पर सवार तीन किशोरों के पास मिला अवैध हथियार, गोह पुलिस ने लिया हिरासत में