बिहार के सुपौल जिले के करजाइन थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक ठेकेदार के घर पर धावा बोलकर करीब 65 लाख रुपये की डकैती की घटना को अंजाम दिया है।
सुपौल (बिहार)। एक कॉन्ट्रैक्टर के घर करीब 65 लाख रुपये की डकैती हुई है। रविवार देर रात करीब 1:20 बजे 10 नकाबपोश बदमाश बाउंड्री फांदकर घर में घुसे। उनके हाथों में हथियार थे। जिसके बल पर ठेकेदार सतेंद्र नारायण सिंह और उनके परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की गई। वारदात करजाइन थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-9 में हुई। बदमाशों ने नकदी, सोने-चांदी के जेवर और कीमती कपड़ों समेत करीब 65 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली।
सिर पर कट्टा सटाकर लूटपाट
पीड़ित परिवार के अनुसार, अपराधियों की संख्या 10 से 12 थी। सभी के चेहरे ढंके थे और हाथों में हथियार थे। पीड़ित सतेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि रात करीब 1:20 बजे पांच अपराधी उनके कमरे में घुसे, जबकि पांच बदमाश बाहर खड़े थे। उन लोगों ने घर की एक-एक अलमारी की तलाशी ली और जितने भी कीमती सामान, नकदी और जेवर थे, साथ ले गए। सभी बदमाशों ने चेहरा छिपा रखा था। एक ने उनके सिर पर कट्टा सटाया और अलमारी की चाबी मांगी। धमकी दी कि शोर किया तो मार डालूंगा।
अपराधी घर की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए
जानकारी के अनुसार, अपराधी घर की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए थे। घटना के समय घर में सतेंद्र नारायण सिंह, उनकी पत्नी और बुजुर्ग मां समेत तीन सदस्य मौजूद थे। घर में मौजूद महिला के पहने हुए जेवर भी उतरवा लिए गए। बदमाश करीब एक घंटे तक घर में रहे और लूटपाट की।
बदमाशों ने करीब 20 भरी सोने के आभूषण लुटे
पीड़ित के मुताबिक, बदमाश करीब 20 भरी सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी, नकदी और कपड़े समेत अन्य सामान ले गए। लूटपाट के बाद अपराधी बड़े आराम से मुख्य गेट से बाहर निकले और दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा दी, ताकि घरवाले पड़ोसियों को न बुला पाएं। लूटी गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 60 से 65 लाख रुपये है। हालांकि, नकदी और अन्य सामानों का विस्तृत ब्योरा सामने आना बाकी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद करजाइन थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। पुलिस ने घर के कुछ एरिया को सील किया है। बदमाशों की पहचान करने और घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की पड़ताल में पुलिस जुटी है।
यह भी पढ़ेंः जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुंबई से 10 वर्षीय अपहृत बालक बरामद, आरोपी गिरफ्तार