जहानाबाद में अवैध बालू उठाव को लेकर दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जहानाबाद (बिहार)। जिले के घोसी थाना क्षेत्र स्थित चैती पिपरा के पास फल्गु नदी में शनिवार को अवैध बालू उठाव को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें सात लोगों को गोली लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। जानकारी के अनुसार, बालू उठाव को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई।
गोलीबारी के कारण इलाका पूरी तरह तनावपूर्ण
जानकारी के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलने लगीं। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद फल्गु नदी के आसपास का इलाका पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
फायरिंग की हिंसक घटना में कुछ लोग गंभीर रूप से हुए घायल
फायरिंग की इस घटना में रामपुर गांव निवासी धीरज कुमार के सीने में गोली लगी है। वहीं चैती पिपरा गांव के सुधीर कुमार, दिनेश राम, विजय कुमार, अजय कुमार और रेशम भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा गिन्जी गांव निवासी विष्णु कुमार भी इस हिंसक घटना में गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।
पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल विष्णु कुमार और विजय कुमार को सुरक्षित बाहर निकालकर पहले घोसी अस्पताल पहुंचाया। बाद में सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: मोतिहारी में कनिहार नदी में डूबने से 9 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम